नयी दिल्ली, 25 फरवरी (वार्ता) दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने भाजपा सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि शांतिपूर्ण और अहिंसक तरीके से विरोध करने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी लोकतंत्र के खिलाफ है।
दिल्ली कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यदि सरकार इसी तरह दमनकारी नीति अपनाती रही तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर जन आंदोलन करेगी। श्री यादव ने युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब और अन्य कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी को गैरकानूनी बताया और कहा कि कांग्रेस महात्मा गांधी के अहिंसा के मार्ग पर चलने वाली पार्टी है, जो देशहित में संघर्ष से पीछे नहीं हटेगी।
उन्होंने अमेरिका के साथ व्यापार समझौते और एपस्टीन प्रकरण का जिक्र करते हुए केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।
दिल्ली प्रभारी काजी निजामुद्दीन ने भी भाजपा पर नयी कहानी गढ़ने का आरोप लगाया और कहा कि युवा कांग्रेस देशहित के मुद्दों पर सबसे पहले आवाज उठाती रहेगी।
