नयी दिल्ली, 12 जनवरी (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रमंडल देशों के संसद अध्यक्षों एवं पीठासीन अधिकारियों के 28वें सम्मेलन (सीएसपीओसी) का 15 जनवरी को यहां उद्घाटन करेंगे। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोमवार को यहां संसद भवन के परिसर एनेक्सी में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि सम्मेलन 14 से 16 जनवरी तक चलेगा। पहले दिन कार्यकारी परिषद की बैठक होगी और अगले दिन श्री मोदी 15 को बैठक का उद्घाटन करेंगे। बैठक के आखिरी दिन 16 जनवरी को उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन सीएसपीओसी में शामिल प्रतिनिधियों को दोपहर का भोज देंगे। सीएसपीओसी की स्थायी कार्य परिषद में 15 सदस्य होते हैं जिनमें पांच सदस्य कोरम के लिए होने आवश्यक हैं। राष्ट्रमंडल देशों के संसद अध्यक्षों एवं पीठासीन अधिकारियों के सम्मेलन की पृष्ठभूमि बताते हुए श्री बिरला ने कहा कि 1969 में कनाडा के हाउस ऑफ कॉमन्स के तत्कालीन अध्यक्ष लूसिएन लामुरू के प्रयास से अस्तित्व में आया यह संगठन राष्ट्रमंडल के 53 संप्रभु देशों की राष्ट्रीय संसद के अध्यक्षों एवं पीठासीन अधिकारियों को एक मंच पर लाता है। इसका मकसद संसद अध्यक्षों एवं पीठासीन अधिकारियों में निष्पक्षता और न्यायपूर्ण आचरण को प्रोत्साहित कर लोकतंत्र की प्रणालियों की समझ और ज्ञान को बढ़ावा देते हुए संसदीय संस्थाओं का विकास करना है।
उन्होंने कहा कि श्री मोदी 15 जनवरी को संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में सुबह साढे दस बजे 28वें सीएसपीओसी का उद्घाटन करेंगे। श्री मोदी उद्घाटन समारोह में मुख्य भाषण देंगे। इसके बाद वे राष्ट्रमंडल एवं स्वायत्त संसदों के अध्यक्षों से अनौपचारिक संवाद करेंगे तथा समूह चित्र लिया जाएगा। उनका कहना था कि सम्मेलन में शामिल होने के लिए अब तक 42 देशों की संस्तुति आ चुकी है और बंगलादेश तथा पाकिस्तान इस सम्मेलन में हिस्सा नहीं ले रहे हैं। श्री बिरला ने कहा कि सम्मेलन के दौरान चार सत्र होंगे संसद में जिसमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) नवाचार, निगरानी और अनुकूलन के बीच संतुलन, सोशल मीडिया और उसका सांसदों पर प्रभाव, संसद के प्रति जनसमझ बढ़ाने और मतदान से परे नागरिक सहभागिता के नवाचारी उपाय तथा सांसदों एवं संसदीय अधिकारियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और कल्याण पर विषयों पर विशेष सत्र का आयोजन होगा। इनमें दो विषय पहले दिन और दो विषय आखिरी दिन चर्चा के लिए रखे जाएंगे।
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि भारत 1969 में गठित सीएसपीओसी सम्मेलन का अब तक तीन बार आयोजन कर चुका है और ये सारे आयोजन राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ही हुए हैं। भारत की मेजबानी में सीएसपीओसी का दूसरा सम्मेलन 1971, आठवां 6 से 8 जनरवरी 1986 तथा बीसवां सीएसपीओसी 4 से 8 जनवरी 2010 को हुआ था। साल 2010 में हुए सम्मेलन का उद्घाटन तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने किया था और उसके 16 साल बाद अब यह सम्मेलन भारत में हो रहा है। उनका कहना था कि 27वें सीएसपीओसी की अध्यक्षता जनवरी 2024 तक युगांडा के पास थी और अब 28वें सीएसपीओसी की अध्यक्षता भारत कर रहा है।

