राष्ट्र निर्माण विषयों पर पुस्तकें लिख रहे युवा : प्रधान

नयी दिल्ली, 12 जनवरी (वार्ता) शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सोमवार को कहा कि युवा लेखक राष्ट्र निर्माण में प्रवासी भारतीयों के योगदान, भारतीय ज्ञान प्रणाली और आधुनिक भारत के निर्माताओं जैसे विषयों पर पुस्तकें लिख रहे हैं। श्री प्रधान ने आज यहां प्रधानमंत्री संग्रहालय में पीएम-युवा 3.0 (प्रधानमंत्री युवा लेखक मार्गदर्शन योजना) के तहत चयनित 43 युवा लेखकों के साथ बातचीत की। इस अवसर पर श्री प्रधान ने युवा लेखकों को उनका चयन किए जाने पर बधाई दी और उन्हें सार्थक पुस्तकें लिखने के लिए मेंटरशिप अवधि का भरपूर लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया जो देश के युवाओं को

पढ़ने, लिखने और ज्ञान के साथ गहराई से जुड़ने के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने शोध सामग्री तक पहुंच के महत्व पर जोर दिया और निर्देश दिया कि राष्ट्रीय पुस्तक ट्रस्ट (एनबीटी) के माध्यम से भौतिक और डिजिटल दोनों संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि लेखकों को ‘एक राष्ट्र, एक सदस्यता’ (ओएनओएस) पहल के तहत संसाधनों तक पहुंच प्रदान की जानी चाहिए। उनके अकादमिक और शोध संबंधी सहयोग को पुख्ता करने के लिए, उन्होंने सुझाव दिया कि चयनित लेखकों को अपने-अपने क्षेत्रों के केंद्रीय विश्वविद्यालयों से संबद्ध किया जाए ताकि वे अपनी किताबों को तैयार कर सकें।

श्री प्रधान ने कहा कि पीएम-युवा 3.0 के तहत चयनित उभरते लेखकों से मिलकर उन्हें बेहद खुशी हुई और उन्होंने पाया कि उपस्थित लेखकों की विविधता देश की विविधता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि ये युवा लेखक राष्ट्र निर्माण में प्रवासी भारतीयों के योगदान, भारतीय ज्ञान प्रणाली और आधुनिक भारत के निर्माताओं जैसे विषयों पर पुस्तकें लिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस संवाद में संस्कृति, प्रौद्योगिकी, ज्ञान प्राप्ति के प्रयास और राष्ट्रीय दृष्टिकोण पर व्यापक चर्चा हुई और युवा लेखकों की ऊर्जा, आत्मविश्वास और आकांक्षाओं ने विकसित भारत के उनके दृष्टिकोण को और भी मजबूत किया। पीएम-युवा 3.0 योजना का उद्देश्य युवा लेखकों को तैयार करना और देश की बौद्धिक और सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित करते हुए पढ़ने, लिखने और ज्ञान सृजन की संस्कृति को बढ़ावा देना है।

Next Post

'जन नायकन' की रिलीज पर रोक लगाने के आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती

Mon Jan 12 , 2026
नयी दिल्ली, 12 जनवरी (वार्ता) अभिनेता विजय की आखिरी फिल्म ‘जन नायकन’ के निर्माताओं ने फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने संबंधी मद्रास उच्च न्यायालय के अंतरिम आदेश को उच्चतम न्यायालय में चुनौती दी है। उच्च न्यायालय की प्रथम पीठ ने केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) को फिल्म को यू/ए […]

You May Like