
जबलपुर। दिल्ली में लाल किले के पास इको वैन में हुए ब्लास्ट के बाद जबलपुर भी अलर्ट मोड में आ गया है। पुलिस के साथ बीडीडीएस, खूफिया एजेंसियां सक्रिय हो गई है। दरअसल शहर मेें भारतीय सेना संस्थान है। इसके अलावा ऑर्डनेंस फैक्ट्रिया है जहां सेना की ताकत बढ़ाने हथियार, गोला-बारूद, वाहन, तोपें, हाईटैक हथियार बनते है। सुरक्षा के मद्देनजर मुख्यालय से अलर्ट जारी हुआ है। जिसके बाद पुलिस अलर्ट मोड में आई और पुलिस की टीमों ने भीड़ भाड़ इलाकोंमें सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है। डॉग स्क्वॉड के साथ फोर्स चेकिंग कर रहा है। चेकिंग के साथ संदेहियों पर नजर रखने के साथ पूछताछ शुरू कर दी गई है। शहर की सडक़ों पर पुलिस ने सुरक्षा का पहरा बढ़ाने के साथ निगरानी भी बढ़ा दी है।
होटलों, वाहनों की चेकिंग, संदेहियों से पूछताछ
सीएसपी सतीश कुमार साहू ने बताया कि दिल्ली ब्लास्ट को लेकर पुलिस अलर्ट मोड में है। होटलों, लॉज, वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी गई है। चेक करते हुए आने जाने वालों से रोक-टोक कर पूछताछ की जा रही है। वाहनों की चेकिंग की जा रही है।
रेल्वे स्टेशन-बस स्टैंड में भी चेकिंग
रेलवे स्टेशन एवं बस स्टैंड के साथ-साथ मुसाफिरखाना में भी चेकिंग शुरू कर दी गई है। संदिग्ध व्यक्तियों से भी पूछताछ चल रही है। जीआरपी-आरपीएफ भी अलर्ट हो गई है। चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया है। जीआरपी थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत ने बताया कि दिल्ली ब्लास्ट को लेकर जीआरपी अलर्ट मोड में है। डॉग स्क्वॉड के साथ फोर्स चेकिंग कर रहा है।
अति संवेदनशील है जबलपुर
जबलपुर में भारतीय सेना के कई महत्वपूर्ण प्रतिष्ठान है। मध्य भारत क्षेत्र का सेना मुख्यालय, सेंट्रल ऑर्डनेंस डिपो, और कॉलेज ऑफ मटीरियल मैनेजमेंट शामिल हैं। इसके अलावा ऑर्डनेंस फैक्ट्रियां है। गन कैरिज फैक्ट्री, ऑर्डनेंस फैक्ट्री खामरिया और व्हीकल फैक्ट्री, ओएफजे, सीओडी है। इन फैक्ट्रियों में बने उपकरणों का उपयोग भारत के सभी प्रमुख युद्धों और सैन्य अभियानों में होता है। राष्ट्रीय सुरक्षा के मद्देनजर जबलपुर अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
627 सीसीटीव्ही से भी निगरानी बढ़ाई
शहर में ओमती, बेलबाग, हनुमानताल, गोहलपुर भी अति संवेदनशील क्षेत्र में है जहां पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है। इसके अलावा सीसीटीव्ही कैमरों से भी निगरानी चल रही है। शहर मेेंं 627 से अधिक कैमरे है। जिसके जरिए भी हर गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के साथ मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय कर दिया गया है।
इनका कहना है
दिल्ली ब्लास्ट के बाद पुलिस मुख्यालय से अलर्ट जारी हुआ है। जबलपुर पुलिस अलर्ट मोड में है। चैकिंग शुरू कर दी गई है। भीड़भाड़ इलाकों में चेकिंग कराई जा रही है। संदेहियों पर नजर रखी जा रही है।
अतुल सिंह, डीआईजी, जबलपुर जोन
