
सोनकच्छ। पुलिस विभाग में उत्कृष्ट कार्य एवं उल्लेखनीय सेवाओं के लिए प्रदान किए जाने वाले प्रतिष्ठित केएफ रूस्तमजी पुरस्कार वर्ष 2025 से सोनकच्छ थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रांत झांझोट को सम्मानित किया गया है। उन्हें पुरस्कार की विशिष्ट श्रेणी में चयनित करते हुए 50 हजार रुपए की पुरस्कार राशि एवं प्रशंसा प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा जारी आदेश के अनुसार गृह विभाग द्वारा निर्धारित केएफ रूस्तमजी पुरस्कार नियम के तहत वर्ष 2024-25 के लिए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य, कर्तव्यनिष्ठा एवं उल्लेखनीय सेवाओं के आधार पर विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए हैं। इसी क्रम में थाना प्रभारी निरीक्षक झांझोट को उनकी सेवाओं के लिए विशिष्ट श्रेणी में यह सम्मान प्रदान किया गया। थाना प्रभारी झांझोट के कार्यकाल के दौरान अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था एवं आमजन में पुलिस के प्रति जागरूकता को लेकर किए गए विभिन्न प्रयासों की क्षेत्र में चर्चा रही है। पुलिस विभाग के अधिकारियों व थाना स्टाफ एवं क्षेत्रवासियों ने शुभकामनाएं दीं।
