
जबलपुर। दुर्गा पंडालों के निर्माण और उनकी सजावट में दुर्गोत्सव समितियों को सभी सुरक्षा मापदंडो का कड़ाई से पालन करना होगा। न केवल विद्युत साज सज्जा में बल्कि झांकियों के निर्माण में भी समितियों को सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी होगी, ताकि किसी भी तरह की कोई अप्रिय घटना न हो। ये निर्देश कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने आज बुधवार को आयोजित दुर्गोत्सव समितियों के पदाधिकारियों की बैठक में दिये।
कलेक्टर सिंह ने कहा कि दुर्गा उत्सव समितियों को पंडाल के स्ट्रक्चर की मजबूती, विद्युत सुरक्षा, अग्निशमन एवं आपदा प्रबंधन की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि पंडाल एवं स्ट्रक्चर की मजबूती के साथ यह भी सुनिश्चित किया जाए कि इन्हें ऐसे स्थान पर लगाया जाए, जिससे आमजन को आवागमन में परेशानी न हो। कलेक्टर ने बिजली की सजावट में गुणवत्तापूर्ण सामग्री का उपयोग करने और शॉर्ट सर्किट जैसी घटनाओं
की संभावना को रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समितियों को देखना होगा की विद्युत की साज-सज्जा में कहीं भी कटे तारों का इस्तेमाल न हो। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को भी अग्निशमन एवं आपदा प्रबंधन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां रखने निर्देशित किया।
