इंदौर: कलेक्टर के निर्देश पर क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय और यातायात विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सड़क पर अनियमित रूप से खड़ी बसों के खिलाफ सख्ती दिखाई है। शहर में चलाए गए विशेष अभियान में छह बसों पर कार्रवाई की गई, जिनमें से चार बसों को जप्त किया गया, जबकि दो बसों पर 45,000 का जुर्माना लगाया गया।
यह जांच अभियान पिपलिहाना, रिंग रोड और तीन इमली चौराहा क्षेत्र में संचालित किया गया। कार्रवाई के दौरान लोक परिवहन, स्कूल बसों और अन्य वाणिज्यिक वाहनों की गहन जांच की गई। फिटनेस, परमिट, बीमा, पीयूसी और टैक्स से जुड़े दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई। अधिकारियों के अनुसार, कई बसें बिना उचित दस्तावेजों के पाई गईं, कुछ में क्षमता से अधिक सवारी थी, तो कुछ बसें अनियंत्रित रूप से सड़क पर खड़ी थीं।
ओवरलोडिंग, अधिक किराया वसूली और परमिट की शर्तों के उल्लंघन के मामलों में भी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की गई। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और नियमों का पालन हो।
