
छिंदवाड़ा। बिछुआ मार्ग पर खैरीमाता के पास शनिवार को बाइक सवार सड़क हादसे का शिकार हो गया। जानकारी के अनुसार टर्निंग पर बाइक का टायर फिसलने से चालक का संतुलन बिगड़ गया और वह बाइक समेत पुल के नीचे जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। राहत की बात रही कि दुर्घटना में चालक को गंभीर चोट नहीं आई। उसे मामूली चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों ने चालक को बाहर निकालकर प्राथमिक मदद पहुंचाई। हादसे के कारण कुछ देर मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। बताया जा रहा है कि मार्ग पर टर्निंग होने के कारण वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। टर्निंग और पुल-पुलियों के आसपास वाहन की गति नियंत्रित रखने से हादसों से बचा जा सकता है।
