छतरपुर। किसान कल्याण योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने का रहा उद्देश्य किसान कल्याण वर्ष 2026 के अवसर पर छतरपुर में किसानों की सहभागिता से एक कृषक मोटरसाइकिल रैली आयोजित की गई। रैली की शुरुआत जिला मुख्यालय स्थित कलेक्टर परिसर से हुई, जहां कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
मोटरसाइकिल रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। रैली छत्रसाल चौराहा, स्टेडियम, पुलिस लाइन, जेल रोड, संकट मोचन, किशोरी नदी बायपास, फुला देवी रोड, महोबा रोड, सेंट्रल स्कूल, आरटीओ कार्यालय और कृषि विभाग के सामने से होती हुई बस स्टैंड, जवाहर रोड व आकाशवाणी चौराहा के रास्ते पुनः कलेक्टर परिसर पहुंचकर संपन्न हुई।
इस रैली में छतरपुर, नौगांव, राजनगर और बिजावर सहित जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए किसानों ने भाग लिया। लगभग 100 से 125 मोटरसाइकिलों के साथ बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए, जिससे आयोजन उत्साहपूर्ण रहा।
रैली में शामिल किसानों ने अपनी मोटरसाइकिलों पर तख्तियां, झंडे और बैनर लगाए हुए थे, जिन पर किसान कल्याण से जुड़ी सरकारी योजनाओं और संदेशों को दर्शाया गया था। इनका उद्देश्य किसानों को शासन की योजनाओं की जानकारी देना और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि इस प्रकार के आयोजन किसानों के सम्मान, सशक्तिकरण और कल्याण की दिशा में एक सकारात्मक प्रयास हैं। इससे न केवल किसानों को योजनाओं की जानकारी मिलती है, बल्कि समाज में कृषि के महत्व को भी रेखांकित किया जाता है।
