
अमरवाड़ा। अमरवाड़ा क्षेत्र में गेहूं खरीदी के लिए बनाए गए एक दर्जन केंद्रों पर पिछले 10 दिनों से ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग बंद होने से किसान परेशान हैं। समर्थन मूल्य पर फसल बेचने के लिए पंजीयन कराने के बावजूद किसानों को स्लॉट नहीं मिल पा रहे, जिससे उनकी उपज घरों में पड़ी है और बेमौसम बारिश से खराब होने का खतरा बढ़ गया है। किसानों का आरोप है कि पोर्टल और तकनीकी समस्याओं के नाम पर उन्हें लगातार टाला जा रहा है। किसान रोज साइबर कैफे, समिति कार्यालय और खरीदी केंद्रों के चक्कर लगा रहे हैं। भारतीय किसान संघ ने प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और कृषि विभाग से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए खरीदी की अंतिम तिथि बढ़ाने तथा स्लॉट बुकिंग व्यवस्था जल्द शुरू करने की मांग की है।
