
भोपाल। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने बरगी डैम में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे के पीछे गंभीर प्रशासनिक लापरवाही और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। पार्टी का दावा है कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण द्वारा 12 सितंबर 2023 को लगाए गए प्रतिबंध के बावजूद अवैध रूप से क्रूज का संचालन जारी रखा गया।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव को लिखे पत्र में जल संसाधन विभाग, पर्यटन विभाग, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड तथा जिला प्रशासन के अधिकारियों पर मिलीभगत का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एनजीटी के आदेशों की अनदेखी कर क्रूज संचालन की अनुमति दी गई।
त्रिपाठी ने यह भी आरोप लगाया कि हादसे के तुरंत बाद क्रूज को तोड़ दिया गया, जो साक्ष्य मिटाने और दोषियों को बचाने का प्रयास है। कांग्रेस ने सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में न्यायिक जांच, दोषी अधिकारियों व क्रूज संचालकों पर आपराधिक कार्रवाई तथा प्रदेश की सभी जल पर्यटन परियोजनाओं का सुरक्षा ऑडिट कराने की मांग की है।
पार्टी ने मृतकों के परिजनों को एक करोड़ रुपये मुआवजा और सरकारी नौकरी देने की भी मांग उठाई।
