
इटारसी। शहर के प्राचीन एवं सिद्ध श्री हनुमान धाम मंदिर, ओवरब्रिज परिसर में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के प्राकट्योत्सव राम नवमी एवं रामभक्त हनुमान जी के प्राकट्योत्सव के अवसर पर परंपरा अनुसार तीन दिवसीय भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर रविवार को मंदिर परिसर में समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में मंदिर समिति से जुड़े सदस्यों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं। इस वर्ष भी हनुमान जी के प्राकट्योत्सव को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं। पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक रोशनी और सजावट से सजाया जाएगा
यह रहेंगे कार्यक्रम
27 मार्च: राम नवमी पर भगवान श्री राम के प्राकट्योत्सव के अवसर पर दोपहर 12 बजे मंदिर में महाआरती का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान श्रद्धालुओं को लस्सी और पंजीरी का प्रसाद वितरित किया जाएगा मंदिर को विशेष रूप से सजाया जाएगा।
31 मार्च: हनुमान जी प्राकट्योत्सव
31 मार्च मंगलवार को रामभक्त हनुमान जी के प्राकट्योत्सव के अवसर पर शाम 4 बजे ओवरब्रिज स्थित श्री हनुमान धाम मंदिर से भव्य चल समारोह एवं शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा पूरे शहर का भ्रमण करेगी।
शोभायात्रा में जबलपुर से आए कलाकार देवी-देवताओं की चलित झांकियों का प्रदर्शन करेंगे। भगवान राम और हनुमान जी का आकर्षक दरबार और प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगी। ढोल-नगाड़ों और अखाड़ों के साथ नगर भ्रमण के बाद शोभायात्रा पुनः मंदिर परिसर में संपन्न होगी।
रामायण पाठ और भंडारा
1 अप्रैल को सुबह 10 बजे से मंदिर में रामायण पाठ प्रारंभ होगा, जो 2 अप्रैल की दोपहर तक चलेगा। पाठ समापन के बाद महाआरती की जाएगी और शाम को प्रसाद वितरण के साथ भंडारे का आयोजन होगा।
1 अप्रैल की रात रामभक्त हनुमान जी के विग्रह का मां नर्मदा जी के जल से अभिषेक कर विशेष श्रृंगार किया जाएगा। यह अनुष्ठान रात 12 बजे से 3 बजे तक चलेगा।
मुख्य समारोह 2 अप्रैल को सुबह से देर रात तक चलेगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर प्रभु हनुमान जी के दर्शन करेंगे। बैठक में मंदिर समिति के प्रमुख सेवादार लखन बेस, समाजसेवी विश्वनाथ सिंघल, पुजारी पंडित नरेंद्र तिवारी, पवन बोहरा, पूर्व नपा अध्यक्ष रवि जायसवाल, पार्षद राकेश जाधव, सुनील जैन, ऋषि दुबे, मनोज सारन, भविष्य सारन, राजकुमार केलु उपाध्याय, अरविंद व्यास, शैलेंद्र ठाकुर, बाबूलाल कैथवास, सत्येंद्र अवस्थी, बंटी लांबा, अशोक अग्रवाल साईं कृष्णा, जयराज सिंह भानु, विशाल जैन , नारायण सिंह पटारिया, पंकज शर्मा, अंशुल सहगल, समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
