21 हजार दीपों से जगमगाएगा नोएडा से सटा यमुना तट, पहली बार होगा ‘श्री यमुना सनातन ज्योति महासंगम’

नोएडा 05 नवंबर (वार्ता) धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों की कड़ी में उत्तर प्रदेश के नोएडा में पहली बार ‘श्री यमुना सनातन ज्योति महासंगम-2026’ का आयोजन किया जाना प्रस्तावित है। आगामी 7 नवंबर को नोएडा सेक्टर-94 स्थित यमुना तट पर कालिंदी कुंज पुल के समीप आयोजित होने वाले महासंगम में 21 हजार दीप प्रज्ज्वलित कर यमुना तट को रोशनी से जगमगाया जाएगा। इस दौरान काशी से आए 11 विद्वान वैदिक आचार्य वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां यमुना की भव्य महाआरती करेंगे। आयोजन को लेकर गुरुवार को नोएडा मीडिया क्लब में आयोजकों ने प्रेसवार्ता कर कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा की।

आयोजकों ने गुरुवार को संवादाताओं को बताया कि,अखिल भारतीय गुरुकुल एवं गौशाला अनुसंधान संस्थान के तत्वावधान में आयोजित इस महासंगम में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर तीन बजे से शाम सात बजे तक चलेगा। वैदिक महायज्ञ, सामूहिक दीपदान, वैदिक मंत्रोच्चार और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजन के प्रमुख आकर्षण होंगे। आयोजकों का दावा है कि नोएडा में पहली बार इतने बड़े स्तर पर यमुना तट पर धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

संस्था के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा आयोजन के मुख्य संरक्षक ज्योतिषरत्न डॉ. गुरुजी गौतम ऋषि ने बताया कि महासंगम का मुख्य उद्देश्य सनातन संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के साथ मां यमुना की स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक समरसता का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि काशी और अयोध्या की धार्मिक परंपराओं से प्रेरणा लेकर नोएडा में भी मां यमुना की आराधना को एक स्थायी सांस्कृतिक परंपरा के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। धार्मिक आस्था के साथ नदियों के संरक्षण का संकल्प इस आयोजन की विशेष पहचान होगा।

संस्था के राष्ट्रीय महासचिव ठाकुर मान सिंह चौहान ने बताया कि महासंगम की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर व्यवस्थाएं की जा रही हैं। उन्होंने दिल्ली-एनसीआर और नोएडा के लोगों से परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से जोड़ने का भी प्रयास किया जाएगा।

आयोजन समिति में कार्यक्रम संयोजक मनोज गुप्ता, कार्यक्रम सचिव एफसीए डॉ. मनोरंजन मोहंती, राष्ट्रीय सचिव अशोक कुमार श्रीवास्तव और कार्यक्रम उपाध्यक्ष प्रेरित मान सिंह सहित अन्य पदाधिकारी व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं।

महासंगम के दौरान श्रद्धालुओं और युवाओं को यमुना को स्वच्छ रखने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक संकल्प भी दिलाया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, 21 हजार दीपों का सामूहिक दीपदान केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं होगा, बल्कि इसके जरिए समाज को नदियों की स्वच्छता, प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और सांस्कृतिक एकता का संदेश भी दिया जाएगा।

Next Post

ब्रेंडन टेलर के शतक से ज़िम्बाब्वे मजबूत

Thu Nov 5 , 2026
शारजाह, 05 नवम्बर (वार्ता) ब्रेंडन टेलर ने शारजाह में अफ़गानिस्तान के ख़िलाफ़ एकमात्र टेस्ट के पहले दिन शानदार शतक लगाकर ज़िम्बाब्वे को मज़बूत स्थिति में पहुँचा दिया। टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने के बाद, मेहमान टीम ने दिन का खेल 5 विकेट पर 326 रन पर खत्म किया, जिसमें कप्तान […]

You May Like