मुंबई, 26 सितंबर (वार्ता) बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड) ने मुथूट फिनकॉर्प लिमिटेड को भारत में होने वाले क्रिकेट मैचों के लिए टाइटल स्पॉन्सर घोषित किया है। यह साझेदारी मार्च 2028 तक चलेगी। इस टाइटल स्पॉन्सरशिप में भारत में खेले जाने वाले सभी इंटरनेशनल सीरीज़ और टूर्नामेंट के साथ-साथ बोर्ड द्वारा आयोजित सभी घरेलू टूर्नामेंट भी शामिल होंगे।
यह साझेदारी मुथूट फिनकॉर्प की पूरे भारत में मज़बूत मौजूदगी और भारतीय क्रिकेट की देशव्यापी पहुँच को एक साथ लाती है। मुथूट फिनकॉर्प का खास नीला रंग, भारतीय क्रिकेट की ‘मेन इन ब्लू’ और ‘विमेन इन ब्लू’ टीमों के साथ एक स्वाभाविक विज़ुअल जुड़ाव भी बनाता है। यह पार्टनरशिप मुथूट फिनकॉर्प को भारत की नेशनल टीमों और अहम घरेलू प्रतियोगिताओं के ज़रिए देश भर के क्रिकेट दर्शकों से जुड़ने का मौका देगी। इस साझेदारी की शुरुआत रविवार को तिरुवनंतपुरम में वेस्ट इंडीज़ के खिलाफ भारत के पहले वनडे मैच से होगी।
बीसीसीआई के प्रेसिडेंट मिथुन मन्हास ने कहा: “भारतीय क्रिकेट का घरेलू सीज़न नेशनल टीमों, घरेलू प्रतियोगिताओं और खिलाड़ियों को उनके सफ़र के अलग-अलग पड़ावों पर एक साथ लाता है। टाइटल स्पॉन्सर के तौर पर मुथूट फिनकॉर्प का जुड़ना भारतीय क्रिकेट की ताकत और पहुँच के साथ-साथ देश भर के लोगों के साथ इसके जुड़ाव को भी दिखाता है।
मन्हास ने कहा,”दोनों ब्रांड्स के बीच एक स्वाभाविक जुड़ाव भी है, जिसमें मुथूट फिनकॉर्प का खास नीला रंग भारतीय क्रिकेट की ‘मेन इन ब्लू’ और ‘विमेन इन ब्लू’ टीमों के साथ जुड़ता है। हमें बीसीसीआई परिवार में मुथूट फिनकॉर्प का स्वागत करते हुए खुशी हो रही है और हम आने वाले सीज़न में एक मज़बूत साझेदारी बनाने के लिए उत्सुक हैं।”
कोच्चि के मुथूट परिवार की मालिकी वाली मुथूट फिनकॉर्प के पास 31 मार्च, 2028 तक भारत में खेले जाने वाले सभी इंटरनेशनल और घरेलू मैचों के टाइटल राइट्स होंगे। इस डील में इस दौरान लगभग 35 होम इंटरनेशनल मैच शामिल होंगे, जिसमें 10 टेस्ट, 12 वनडे और 13 टी 20 शामिल हैं।
यह पार्टनरशिप तुरंत लागू होगी और 27 सितंबर से वेस्ट इंडीज़ के खिलाफ़ शुरू होने वाली वनडे सीरीज़ में दिखेगी। इत्तेफ़ाक से, यह सीरीज़ मुथूट के होम स्टेट केरल में शुरू होगी, और पहला वनडे तिरुवनंतपुरम में खेला जाएगा।
