
मुंबई, 26 सितंबर (वार्ता) अभिनेत्री कुब्रा सैत ने महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर सवाल उठाया है कि महिलाओं को सुरक्षित रहने के तरीके सिखाने के बजाय पुरुषों को किसी को असुरक्षित न बनाने की सीख क्यों नहीं दी जाती।कुब्रा ने वीडियो में कहा, “सेफ्टी एक ऐसी जगह है जिसका नाम नार्निया है। और हां, वह काल्पनिक है।
” उन्होंने महिलाओं को दी जाने वाली सलाहों का जिक्र करते हुए पूछा, “ढंग से कपड़े पहनो, रात में बाहर मत जाओ, लड़कों के साथ मत घूमो, अपनी लोकेशन शेयर करो, पेपर स्प्रे साथ रखो, सावधान रहो। आखिर और कितना सावधान रहें?” उन्होंने कहा कि लड़कों को भी यह सिखाया जाना चाहिए कि किसी का पीछा न करें, डराएं या धमकाएं नहीं और ‘ना’ को ‘ना’ समझें। कुब्रा ने कहा कि महिलाओं को सार्वजनिक स्थानों पर बिना डर के मौजूद रहने का अधिकार है और सुरक्षा की जिम्मेदारी केवल महिलाओं पर डालने के बजाय समाज में पुरुषों के व्यवहार में बदलाव पर भी जोर दिया जाना चाहिए।
