
बैतूल। मध्यप्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने जीएसटी के नए स्लैब लागू होने पर व्यापारियों को मिठाई बांटकर बधाई दी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता भूल जाते हैं कि जीएसटी से पहले हर वस्तु पर 8-9 तरह के कर वसूले जाते थे, जिससे उपभोक्ता पर 30 से 32 प्रतिशत तक का बोझ पड़ता था।
खंडेलवाल ने बताया कि पहले जीएसटी में 28, 18 और 12 प्रतिशत के तीन प्रमुख स्लैब थे, जिन्हें घटाकर अब केवल दो स्लैब में समेट दिया गया है। 12 प्रतिशत दर को घटाकर 5 प्रतिशत और 5 प्रतिशत दर को शून्य कर दिया गया है, वहीं 28 प्रतिशत वाले सामान अब 18 प्रतिशत श्रेणी में आ गए हैं। उन्होंने इसे ऐतिहासिक सुधार बताते हुए कहा कि इससे आम उपभोक्ता को राहत मिलेगी, क्रय शक्ति बढ़ेगी और देश की जीडीपी को मजबूती मिलेगी।
प्रदेशाध्यक्ष ने आत्मनिर्भर भारत अभियान को आगे बढ़ाने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि लोग स्वदेशी वस्तुएं खरीदें और व्यापारी अपनी दुकानों पर यहां स्वदेशी सामान उपलब्ध है, बोर्ड लगाएं। इससे रोजगार बढ़ेगा और आयात पर निर्भरता घटेगी।
