रिटायर्ड अफसर सीखेंगे विवादों के समाधान की तकनीक

जबलपुर। मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सभागार में सेवानिवृत्त अधिकारियों, पेशेवरों और विशेषज्ञों के लिए 20 घंटे का तीन दिवसीय कम्युनिटी मेडिएशन ट्रेनिंग प्रोग्राम शुरू हुआ। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण और नगर निगम जबलपुर के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम सेवानिवृत्त अधिकारियों के अनुभव का उपयोग करते हुए समाज में आपसी विवादों को सौहार्दपूर्ण तरीके से सुलझाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है, जो मप्र के चीफ जस्टिस एवं एमपी स्टेट लीगल सर्विसेज अथॉरिटी के पैट्रन-इन-चीफ न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा के दूरदर्शी नेतृत्व तथा कार्यकारी अध्यक्ष न्यायमूर्ति विवेक रूसिया के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया है। कार्यक्रम का शुभारंभ न्यायमूर्ति विवेक रूसिया ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी जबलपुर राघवेंद्र सिंह, नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार, एमसीपीसी नई दिल्ली के सीनियर ट्रेनर संदीप सक्सेना तथा एमपी स्टेट लीगल सर्विसेज अथॉरिटी की सदस्य सचिव सुमन श्रीवास्तव उपस्थित रहीं।

विवादों को सुलझाने का एक बेहतरीन माध्यम

अपने संबोधन में न्यायमूर्ति विवेक रूसिया ने कहा कि कम्युनिटी मेडिएशन समाज में छोटे-छोटे विवादों को जमीनी स्तर पर सुलझाने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। इससे न केवल अदालतों पर लंबित मामलों का बोझ कम होता है बल्कि समाज में आपसी समझ, सहयोग और सौहार्द भी बढ़ता है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त अधिकारी दशकों के प्रशासनिक अनुभव और सामाजिक सम्मान के कारण समुदाय में विश्वास रखते हैं। ऐसे में वे मध्यस्थ के रूप में विवादों को सौहार्दपूर्ण तरीके से सुलझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

शांतिपूर्ण तरीके से हल होंगे मसले

एमपी स्टेट लीगल सर्विसेज अथॉरिटी की सदस्य सचिव सुमन श्रीवास्तव ने कहा कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य कम्युनिटी मेडिएटर्स का प्रशिक्षित समूह तैयार करना है, जो स्थानीय स्तर पर विवादों को शांतिपूर्ण और संरचित तरीके से सुलझाने में मदद कर सके। यह पहल वैकल्पिक विवाद समाधान प्रणाली को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने कहा कि कम्युनिटी मेडिएशन से पड़ोसी और नागरिक विवादों का शुरुआती स्तर पर समाधान संभव होगा। वहीं नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने कहा कि नगर निगम ऐसे कार्यक्रमों में पूरा सहयोग देगा, क्योंकि इससे सामाजिक सौहार्द और शांतिपूर्ण वातावरण को बढ़ावा मिलेगा।

Next Post

चावल, गेहूं, चीनी, दालों के भाव टूटे, खाद्य तेलों में घट-बढ़

Fri Mar 6 , 2026
नयी दिल्ली, 06 मार्च (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में शुक्रवार को चावल के औसत भाव टूट गये। चावल के साथ गेहूं, चीनी और दालों में भी नरमी रही। खाद्य तेलों में उतार-चढ़ाव का रुख देखा गया। औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत 12 रुपये टूटकर 3,851 रुपये प्रति […]

You May Like