नयी दिल्ली, 06 मार्च (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में शुक्रवार को चावल के औसत भाव टूट गये। चावल के साथ गेहूं, चीनी और दालों में भी नरमी रही। खाद्य तेलों में उतार-चढ़ाव का रुख देखा गया।
औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत 12 रुपये टूटकर 3,851 रुपये प्रति क्विंटल रह गयी। गेहूं का भाव भी तीन रुपये उतरकर 2,819 रुपये प्रति क्विंटल पर रहा। आटा पांच रुपये सस्ता हुआ।
दाल-दलहनों में गिरावट रही। मूंग दाल की औसत कीमत 39 रुपये घट गयी। मसूर दाल में 29 रुपये और तुअर दाल में 22 रुपये की गिरावट रही। चना दाल 19 रुपये और उड़द दाल 11 रुपये प्रति क्विंटल सस्ती हुई।
विदेशों में मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में पाम ऑयल का मई वायदा 158 रिंगिट चढ़कर 4,365 रिंगिट प्रति टन पर पहुंच गया। मई का अमेरिकी सोया तेल वायदा भी 1.25 प्रतिशत की बढ़त में 66.52 सेंट प्रति पौंड बोला गया।
स्थानीय बाजारों में मूंगफली तेल की औसत कीमत 107 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। सूरजमुखी तेल 47 रुपये और पाम ऑयल 34 रुपये महंगा हुआ। वनस्पति की कीमत 27 रुपये और सरसों तेल की 11 रुपये टूट गयी। सोया तेल सात रुपये प्रति क्विंटल फिसल गया।
मीठे के बाजार में आज गुड़ के औसत भाव 17 रुपये प्रति क्विंटल टूट गये। चीनी भी आठ रुपये प्रति क्विंटल सस्ती हुई।
