
भोपाल। भोपाल में पुलिस मुख्यालय (पीएचक्यू) द्वारा शुक्रवार को लाल परेड मैदान स्थित कबड्डी ग्राउंड में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिसकर्मियों ने रंगों के पर्व होली को उत्साह और उमंग के साथ मनाया। समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) कैलाश मकवाणा ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल होकर प्रदेशभर के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को होली की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विशेष पुलिस महानिदेशक पंकज श्रीवास्तव, अनिल कुमार और आशुतोष राय के साथ 7वीं वाहिनी के कमांडेंट हितेश चौधरी भी उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए डीजीपी मकवाणा ने पुलिसकर्मियों से ईमानदारी, लगन और प्रतिबद्धता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि होली बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक पर्व है और सभी पुलिसकर्मियों को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहना चाहिए, क्योंकि नशा व्यक्ति के पारिवारिक जीवन और कैरियर दोनों को नुकसान पहुंचाता है।
उन्होंने पूर्व डीजीपी एच.एम. जोशी की 100वीं जयंती का भी उल्लेख करते हुए उन्हें पुलिस बल के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
कार्यक्रम में विभिन्न पुलिस इकाइयों की टीमों ने पारंपरिक फाग और होली गीतों पर आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। अंत में पुलिस बैंड की प्रस्तुति और प्रतिभागी टीमों को पुरस्कृत करने के साथ समारोह संपन्न हुआ।
