
जबलपुर। मानसून के मेहरबान होने से शुक्रवार को बारिश की झड़ी लगी रही। सुबह से शाम तक रूक-रूक कर बारिश का दौर जारी रहा। शहर की सडक़े तरबतर हो गई। सुबह करीब 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक 9.4 मिमी बारिश दर्ज हुई। सीजन में बारिश का आंकड़ा 656.7 मिमी तक पहुंंच गया। इसके साथ ही मौसम विभाग ने 27 जुलाई तक जबलपुर में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के मुताबिक वर्तमान में मानसून ट्रफ़, माध्य समुद्र तल पर जम्मू, चंडीगढ़, बरेली, गोरखपुर, पटना, बांकुरा, कोलकाता, तटीय पश्चिम बंगाल और संलग्न पश्चिमोत्तर बंगाल की खाड़ी व बांग्लादेश के क्षेत्रों में बने डिप्रेशन के केंद्र तक विस्तृत है। एक ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण उत्तरी छत्तीसगढ़ और निकटवर्ती क्षेत्रों पर माध्य समुद्र तल से 4.5 और 5.8 किमी की ऊंचाई के मध्य सक्रिय है। इसके अलावा अन्य माौसम प्रणालियां भी सक्रिय हैं।
