अहमदाबाद, 14 नवंबर (वार्ता) इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में दो बार पर्पल कैप जीतने वाले हर्षल पटेल को उनकी मौजूदा टीम सनराइज़र्स हैदराबाद (एसआरएच) आईपीएल 2027 से पहले गुजरात टाइटंस (जीटी) को ट्रेड करने के लिए तैयार है। क्रिकइंफो रिपोर्ट के अनुसार एसआरएच ने जीटी के साथ ट्रेड डील पर सहमति जताई है जिसके तहत जीटी को हर्षल चार करोड़ रुपए की राशि में मिलेंगे। आईपीएल 2025 के मेगा नीलामी में एसआरएच ने इससे दोगुनी राशि में हर्षल को खरीदा था, इसलिए जीटी के ऑक्शन पर्स से चार करोड़ रुपए की राशि काटी जाएगी।
ट्रेड के अंतिम रूप लेने के बाद जीटी पांचवीं ऐसी फ्रैंचाइजी होगी जिसका हर्षल प्रतिनिधित्व करेंगे। इससे पगले हर्षल रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी), दिल्ली कैपिटल्स (डीसी), पंजाब किंग्स के लिए खेल चुके हैं और हालिया समय में पिछले दो सीज़न से हर्षल एसआरएच के साथ थे। 2025 के मेगा नीलामी में एसआरएच ने हर्षल को आठ करोड़ रुपए की राशि में ख़रीदा था और उस सीज़न हर्षल ने 13 मुक़ाबलों में 9.80 की इकॉनमी से 16 विकेट हासिल किए थे। अगले महीने हर्षल 36 के होने जा रहे हैं और इस ट्रेड के चलते उन्हें अपनी होम टीम के लिए खेलने का मौक़ा मिलेगा। हर्षल अहमदाबाद से हैं और कुछ साल पहले घरेलू क्रिकेट में उन्होंने गुजरात के लिए खेलने का रुख़ किया था। जीटी के तेज़ गेंदबाज़ी आक्रमण में वह कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और जेसन होल्डर के साथ जुड़ेंगे।
भले ही इस ट्रेड से यह सवाल उठता हो कि जीटी हर्षल के करियर के इस पड़ाव में उन्हें लेने के लिए इतनी तत्पर क्यों है लेकिन आईपीएल नीलामी में दो बार उन्होंने हर्षल को ख़रीदने के लिए पूरा ज़ोर लगाया था। 2024 में जीटी ने हर्षल को ख़रीदने के लिए 10.5 करोड़ की बोली तक कोशिश की थी लेकिन पंजाब ने उन्हें 11.75 करोड़ में ख़रीद लिया था। 2025 की नीलामी में गुजरात ने एक बार फिर बोली लगाई लेकिन 6.5 करोड़ की राशि पर उन्होंने अपने कदम पीछे खींच लिए। रिटेंशन की समयसीमा 17 नवंबर को समाप्त हो रही है और अब तक हुए अधिकांश ट्रेड में एसआरएच शामिल रही है। डीसी से टी नटराजन को अपने दल में शामिल करने के बाद चार खिलाड़ियों के ट्रेड में हैदराबाद ने चेन्नई सुपर किंग्स से ख़लील अहमद और नेथन एलिस को अपने दल में शामिल कर लिया।
