कीव, 12 फरवरी (वार्ता) रूसी हवाई हमलों ने यूक्रेन के कई इलाकों में ऊर्चा अवसंरचनाओं को निशाना बनाया जिससे बिजली और पानी की आपूर्ति में बड़े पैमाने पर रुकावट आई है। यूक्रेनी अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
यूक्रेन की वायुसेना ने कहा कि रूस ने रात भर में 24 बैलिस्टिक मिसाइल, एक निर्देशित एयर-लॉन्च मिसाइल और 219 हमला करने वाले ड्रोन लॉन्च किये। यूक्रेन की वायु रक्षा प्रणाली ने 213 निशानों को रोक लिया, लेकिन नौ मिसाइल और 19 ड्रोन 13 जगहों पर हमला करने में कामयाब रहे जिससे अवसंरचना को नुकसान हुआ।
यूक्रेन की सबसे बड़ी निजी ऊर्जा कंपनी डीटेक ने कहा कि ओडेसा इलाके में उसके एक उप-स्टेशन को हमलों में काफी नुकसान हुआ है। कंपनी ने कहा कि मरम्मत में काफी समय लगेगा, जबकि आपातकालीन क्रू मलबा हटाने और ज़रूरी अवसंरचनाओं में बिजली ठीक करने का काम कर रहे हैं।
इन हमलों की वजह से कई शहरों में ज़रूरी सेवाओं में रुकावट आयी। यूक्रेन के उप-प्रधानमंत्री ओलेक्सी कुलेबा ने कहा कि नीप्रो शहर में करीब 10,000 सब्सक्राइबर और कीव में करीब 2,600 घरों की हीटिंग बंद हो गयी, जबकि ओडेसा में बिजली जाने की वजह से करीब तीन लाख लोगों को पानी की आपूर्ति में रुकावट का सामना करना पड़ा।
यूक्रेनी अधिकारियों ने कहा कि ऊर्जा कर्मी, बचाव दल और उपयोगिता सेवाएं प्रभावित इलाकों में बिजली, हीटिंग और पानी की आपूर्ति ठीक करने के लिए काम कर रहे हैं।
