मुंबई, बॉलीवुड एक्टर विवेक ओबेरॉय ने खुलासा किया है कि महज 19 साल की उम्र में उन्होंने एक बिजनेस के लिए 12 करोड़ रुपये की भारी रकम जुटा ली थी।
हिंदी सिनेमा में अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाने वाले एक्टर विवेक ओबेरॉय अपनी फिल्मों के साथ-साथ अपनी सूझबूझ और सफल बिजनेस मॉडल्स के लिए पहचाने जाते है। विवेक ने हाल ही में अपने शुरुआती दिनों का एक बड़ा राज खोला है। उन्होंने बताया कि जिस उम्र में युवा अपने करियर और पढ़ाई को लेकर उधड़बुन में रहते हैं, उस 19 साल की नाजुक उम्र में उन्होंने बिजनेस के लिए 12 करोड़ रुपये की भारी राशि जुटा ली थी। इस आर्थिक सफलता के पीछे उनकी कड़ी मेहनत, सीखने की ललक और सही निवेश की समझ का बहुत बड़ा हाथ रहा है।
कम उम्र से ही आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का रास्ता
एक हाल ही के इंटरव्यू में अपने बिजनेस सफर पर बात करते हुए विवेक ओबेरॉय ने शेयर किया कि वे बहुत ही कम उम्र से आत्मनिर्भर होना चाहते थे। लगभग 16 से 17 साल की उम्र में ही उन्होंने शेयर बाजार और ट्रेडिंग के जरिए अपना पहला 1 करोड़ रुपये का फंड तैयार कर लिया था। उन्होंने साफ किया कि यह पूरे रुपये नकदी के रूप में नहीं थी, बल्कि स्टॉक वैल्यू के रूप में मौजूद थी। अपने परिवार के ऐतिहासिक बैकग्राउंड और शुरुआती संघर्षों से सीख लेते हुए उन्होंने तय कर लिया था कि उन्हें अपने दम पर अपनी आर्थिक नींव मजबूत करनी है।
जमीन पर बैठकर काम सीखने का जुनून और पहले बड़े प्लांट की नींव
कारोबार की दुनिया में कदम रखने के लिए विवेक ओबेरॉय ने कभी किसी काम को छोटा नहीं समझा। उन्होंने बताया कि उनमें नई चीजें सीखने का एक अलग ही जुनून था। वे अक्सर अनुभवी लोगों के पास जाकर बैठ जाते थे और उन्हें अपना गुरु बनाकर हर बारीकी को गहराई से सीखते थे। इसी ललक के दौरान उन्हें सुपरक्रिटिकल फ्लूइड एक्सट्रैक्शन से जुड़ा एक इनोवेटिव बिजनेस आइडिया मिला। उन्होंने अपनी समझ और मेहनत से इसका एक प्लांट स्थापित किया। यह वेंचर बेहद सफल रहा और यहीं से उनके एक सफल एंटरप्रेन्योर बनने की मजबूत नींव पड़ी।
महज 20 से 25 लाख का खुद का निवेश और 12 करोड़ का फंड
बिजनेस प्लांट लगाने के दौरान विवेक ओबेरॉय ने अपनी जेब से केवल 20 से 25 लाख रुपये लगाए थे, जबकि बाकी का 12 करोड़ रुपये का फंड उन्होंने निवेशकों और अपनी शेयर मार्केट की वैल्यू से हासिल किया था। इस प्रोजेक्ट में उनके साथ जुड़े सभी इंवेस्टर ने अच्छा मुनाफा कमाया। समय बीतने के साथ विवेक ने सह-संस्थापक की भूमिका से आगे बढ़कर निवेशकों और सलाहकारों के रूप में काम करना शुरू किया। मौजूदा समय में वे यूएई और मॉरीशस से संचालित होने वाले अपने फैमिली ऑफिस का प्रबंधन संभालते हैं और कई वैश्विक कंपनियों में निवेश करते हैं।
फिल्मों में वापसी और आने वाले बड़े प्रोजेक्ट्स का सफर
फिल्म इंडस्ट्री में कई यादगार भूमिकाएं निभाने वाले विवेक ओबेरॉय केवल बिजनेस तक ही सीमित नहीं हैं। अपनी फिल्म के साथ विवेक जल्द ही कुछ बेहद बड़े सिनेमाई प्रोजेक्ट्स में भी नजर आने वाले हैं।
बता दें कि वे आने वाले समय में नितेश तिवारी की महत्वाकांक्षी फिल्म ‘रामायण’ और एक्टर प्रभास की एक्शन फिल्म ‘स्पिरिट’ का भी हिस्सा हैं। एक्टिंग और बिजनेस के बीच बेहतरीन संतुलन बनाते हुए विवेक का यह सफर कई युवाओं के लिए एक प्रेरणा बनकर सामने आया है।
