मुंबई, रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर 2’ की रिलीज डेट पोस्टपोन होने की खबरों पर मेकर्स ने विराम लगा दिया है। सन पिक्चर्स ने कंफर्म किया कि फिल्म 15 अक्टूबर को ही सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
साउथ सुपरस्टार रजनीकांत की मच अवेटेड फिल्म ‘जेलर 2’ को लेकर पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर कई तरह की खबरें सामने आ रही थीं। चर्चा थी कि फिल्म की रिलीज डेट को आगे बढ़ाया जा सकता है। इतना ही नहीं, ऐसी खबरें भी थीं कि फिल्म के कुछ हिस्सों की दोबारा शूटिंग की जा रही है। अब इन सभी अटकलों पर मेकर्स ने विराम लगा दिया है। सन पिक्चर्स ने साफ कर दिया है कि फिल्म अपनी तय रिलीज डेट पर ही सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
फिल्म की रिलीज को लेकर चल रही तमाम चर्चाओं के बीच मेकर्स ने अपने ऑफिशियल एक्स अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर किया है। इस पोस्ट के जरिए साफ किया गया कि ‘जेलर 2’ पोस्टपोन नहीं हुई है और फिल्म 15 अक्टूबर को ही रिलीज होगी। सन पिक्चर्स ने सोशल मीडिया पर फिल्म की एक नई तस्वीर शेयर करते हुए लिखा कि अक्टूबर 15 को हम तूफान मचाने आ रहे हैं।
दशहरा के आसपास रिलीज का मिलेगा फायदा
‘जेलर 2’ की रिलीज डेट दशहरा के आसपास पड़ रही है। ऐसे में फिल्म को त्योहार और लंबी छुट्टियों का फायदा मिलने की उम्मीद है। रजनीकांत की जबरदस्त फैन फॉलोइंग को देखते हुए माना जा रहा है कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर शानदार ओपनिंग कर सकती है। अब दर्शकों की नजर फिल्म के ट्रेलर और बाकी प्रमोशनल अपडेट्स पर टिकी हुई है।
फिर साथ नजर आएंगे रजनीकांत और राम्या कृष्णन
‘जेलर 2’ साल 2023 में रिलीज हुई सुपरहिट फिल्म ‘जेलर’ का सीक्वल है। फिल्म को नेल्सन दिलीपकुमार ने लिखा और डायरेक्ट किया है। पहले पार्ट में रजनीकांत ने अपने दमदार अंदाज से दर्शकों का दिल जीता था। सीक्वल में रजनीकांत और राम्या कृष्णन एक बार फिर अपने पुराने किरदारों में नजर आएंगे।
रजनीकांत और राम्या कृष्णन फिल्म में पति-पत्नी की भूमिका निभाते दिखाई देंगे। इसके अलावा योगी बाबू, मिर्ना और ऋत्विक भी पहले पार्ट वाले अपने किरदारों को दोबारा निभाते नजर आएंगे। ऐसे में ‘जेलर 2’ को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही जबरदस्त उत्साह है। अब 15 अक्टूबर को रजनीकांत बड़े पर्दे पर कितना बड़ा तूफान मचाते हैं, यह देखना दिलचस्प होगा।
