राजस्थान के मोस्ट वांटेड निकले तीनों बदमाश

सीहोर/ आष्टा। एक दिन पहले गोलीबारी करने के तीन आरोपियों को पुलिस ने जब गिरफ्तार कर उनकी आपराधिक कुंडली खंगाली तो पुलिस भी हैरान रह गई, क्योंकि 20 से 28 वर्ष की आयु के यह तीनों युवक राजस्थान के विभिन्न थानों के मोस्ट वांटेड अपराधी हैं. इनमें से एक के ऊपर तो हत्या एवं हत्या के प्रयास जैसे कई मामले दर्ज हैं. इसके अलावा लूट और डकैती व नशे का कारोबार जैसे कई मामलों में कई थानों की पुलिस को इनकी तलाश है.

गौरतलब है कि सोमवार को इंदौर-भोपाल हाईवे पर ग्राम कचनारिया जोड़ के पास हुई गोलीबारी की घटना में गिरफ्तार तीनों आरोपी अमन उर्फ बाबर उर्फ सेवी, शहनवाज अंसारी उर्फ सोबू, विक्की उर्फ राजा अली निवासी कोटा राजस्थान के विरुद्ध संबंधित जिलों के थानों से आपराधिक इतिहास की जानकारी प्राप्त की गई. जांच में पाया गया कि तीनों आरोपियों के विरुद्ध हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, डकैती एवं नशे के कारोबार में संलिप्त होने जैसे गंभीर अपराध विभिन्न थानों में पंजीबद्ध हैं. जो वर्तमान हत्या कर गिरफ्तारी से बचने के लिए मध्यप्रदेश के गुना, भोपाल होते हुए इंदौर के लिए निकले और आष्टा थाना अंतर्गत की गई गोलीबारी की वारदात में दबोचे गए. इसी तरह आरोपी शहनवाज अंसारी उर्फ सोबू के विरुद्ध कोटा के थाना में हत्या का प्रयास, लूट, डकैती एवं आम्र्स एक्ट के कुल 09 गंभीर प्रकरण पंजीबद्ध पाए गए हैं, जो वर्तमान में न्यायालय में लंबित हैं. तीसरे आरोपी विक्की उर्फ राजा के विरुद्ध थाना कोतवाली जिला बारा राजस्थान में वर्ष 2022 में धारा 307 आईपीसी एवं आम्र्स एक्ट के कुल 2 प्रकरण पंजीबद्ध पाए गए हैं, जो न्यायालय में लंबित हैं.

मामले में आष्टा पुलिस द्वारा जांच के दौरान तीनों आरोपियों से पूछताछ की गई तथा उनके स्थानीय निवास एवं आसपास के जिलों के थानों से संपर्क कर कड़ी मेहनत एवं परिश्रम से इन कुख्यात आरोपियों का विस्तृत आपराधिक रिकॉर्ड संकलित किया गया, जिसे थाना आष्टा में पंजीबद्ध हत्या के प्रयास के प्रकरण में संलग्न किया गया है. राजस्थान राज्य के विभिन्न थानों में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सभी संबंधित थानों को थाना आष्टा में हुई गिरफ्तारी की सूचना दे दी गई है. न्यायालयीन प्रक्रिया के अनुसार अग्रिम कार्यवाही राजस्थान पुलिस द्वारा की जाएगी.

मंगलवार को आष्टा पुलिस द्वारा तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया. न्यायालय द्वारा तीनों आरोपियों का जेल भेजा गया. इस कार्यवाही में एसडीओपी प्रवीण चड़ोकर, थाना प्रभारी गिरिश दुबे, चौकी प्रभारी अमलाहा प्रेमसिंह ठाकुर, एएसआई सुभाष कटारे, दयाराम चोरे, संजय शर्मा, संजू चंद्रवंशी, अभिषेक गोस्वामी, महेंद्र राजपूत एवं गजराज की भूमिका रही.

मुख्य आरोपी अमन उर्फ बाबर दुर्दांत किस्म का अपराधी

पुलिस द्वारा जुटाई गई जानकारी के अनुसार मुख्य आरोपी अमन उर्फ बाबर अत्यंत दुर्दांत एवं शातिर किस्म का अपराधी है. जिसके द्वारा कोटा एवं बारा जिले में एक दर्जन से अधिक गंभीर अपराध कारित किए गए हैं. आरोपी अमन के विरुद्ध हत्या के प्रयास के कुल 4 प्रकरण पंजीबद्ध हैं, वहीं थाना कोतवाली जिला बारा में वर्ष में हत्या का अपराध भी दर्ज है. उक्त हत्या की घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था तथा फरारी के दौरान ही पुन: थाना कोतवाली जिला बारा राजस्थान क्षेत्र में बंदूक से फायर कर हत्या के प्रयास की वारदात को अंजाम दिया गया. इस प्रकरण में भी आरोपी वर्तमान में फरार घोषित था. आरोपी अमन के विरुद्ध मप्र के श्योपुर थाना देहात में वर्ष 2023 में धारा 307 आईपीसी एवं 25 आम्र्स एक्ट के अंतर्गत बंदूक के उपयोग से हत्या के प्रयास का प्रकरण भी पंजीबद्ध है, जिसमें आरोपी अमन की गिरफ्तारी होना शेष भी है. वर्तमान में आरोपी अमन थाना कोतवाली जिला बारा राजस्थान में वर्ष 2025 से हत्या एवं हत्या के प्रयास के मामलों में वांटेड है. संबंधित थानों को लंबित प्रकरणों में गिरफ्तारी के लिए सूचित किया गया है.

 

Next Post

तेज रफ्तार बाइक ने 12 वर्षीय बच्चे को रौंदा, आरोपी बाइक सवार मौके से फरार

Wed Feb 4 , 2026
छतरपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत सनसिटी कॉलोनी के पास लापरवाही भरी रफ्तार ने एक मासूम की जिंदगी को दर्द में डाल दिया। इस हादसे में एक तेज गति से आ रहे बाइक सवार ने सड़क किनारे खड़े 12 वर्षीय बच्चे को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी […]

You May Like