
भोपाल। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ इस विजयादशमी पर अपने शताब्दी वर्ष का शुभारंभ कर रहा है। इस विशेष अवसर पर वर्षभर चलने वाले कार्यक्रमों की श्रृंखला में सबसे पहला आयोजन पथ संचलन होगा। भोपाल विभाग में 2 से 12 अक्टूबर के बीच कुल 373 स्थानों पर पथ संचलन निकाले जाएंगे, जिनमें लगभग डेढ़ लाख स्वयंसेवक सम्मिलित होंगे।
संघ से मिली जानकारी के अनुसार, भोपाल विभाग के अंतर्गत 5 जिले, 26 नगर और 6 खंड शामिल हैं। यहां 279 बस्तियों और 94 मंडलों (प्रत्येक मंडल में 8–10 गांव) में पथ संचलन आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक स्थान पर 300 से 500 स्वयंसेवकों की टोली अनुशासित रूप में संचलन निकालेगी। इस आयोजन में लगभग 700 टोली सक्रिय रूप से जुटी हैं।
संघ शताब्दी वर्ष के चलते नए स्वयंसेवकों का जुड़ाव भी तेजी से बढ़ा है। जहां विभाग में पहले से 70 से 80 हजार स्वयंसेवक सक्रिय थे, वहीं अब तक 70 हजार से अधिक नए स्वयंसेवक गणवेश के साथ जुड़ चुके हैं। यह क्रम लगातार जारी है।
पुराने स्वयंसेवकों में उत्साह
विभाग संघचालक सोमकांत उमालकर ने बताया कि अधिकाधिक नए स्वयंसेवक संघ से जुड़ सकें, इसके लिए पिछले दो माह से अभियान चल रहा है। स्वयंसेवकों की टोली घर-घर जाकर लोगों को संघ से जोड़ रही है। पुराने स्वयंसेवकों का कहना है कि शताब्दी वर्ष ने समाज में उत्साह और सकारात्मक माहौल का संचार किया है।
