विजय दहिया बने दिल्ली रणजी टीम के नए कोच, राजकुमार शर्मा मेंटॉर

नयी दिल्ली, 25 सितंबर (वार्ता) भारत के लिए दो टेस्ट और 19 वनडे खेल चुके पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज़ विजय दहिया को 2026-27 घरेलू सीज़न के लिए दिल्ली रणजी टीम का मुख्य कोच बनाया गया है। वह सरनदीप सिंह की जगह लेंगे, जिन्होंने पिछले दो रणजी सीज़न में दिल्ली टीम की कोचिंग की ज़िम्मेदारी संभाली थी। दिलचस्प बात है कि सरनदीप की अगुवाई वाली डीडीसीए की क्रिकेट सलाहकार कमेटी ने ही दहिया के नाम की अनुशंसा की।

यह दिल्ली के मुख्य कोच के रूप में दहिया का चौथा कार्यकाल होगा। इससे पहले 2007-08 में उनकी अगुवाई में जब दिल्ली की टीम आख़िरी बार रणजी ट्रॉफ़ी विजेता बनी थी, तो दहिया ही टीम के कोच थे। इसके बाद उन्होंने 2012-13 और फिर 2014 से 2016 तक टीम के मुख्य कोच की भूमिका निभाई।

2021-22 में वह उत्तर प्रदेश के मुख्य कोच थे और उनकी टीम सेमीफ़ाइनल तक पहुंची थी। आईपीएल में वह कोलकाता नाइट राइडर्स, लखनऊ सुपर जायंट्स और गुजरात टाइटंस (जीटी) के सहायक कोच रह चुके हैं और आईपीएल 2026 के दौरान वह जीटी के साथ थे। हालिया संपन्न हुई दिल्ली प्रीमियर लीग में उन्होंने पुरानी दिल्ली-6 की कोचिंग की ज़िम्मेदारी संभाली थी।

भारत के लिए खेल चुके तेज़ गेंदबाज़ों की जोड़ी परविंदर अवाना और संजीव शर्मा को टीम का गेंदबाज़ी कोच बनाया गया है, जबकि क्षितिज शर्मा और कुलदीप रावत टीम के सहायक कोच हैं। केपी भास्कर को मुख्य चयनकर्ता के रूप में बरक़रार रखा गया है, जबकि मनु नायर और प्रवीण गुप्ता चयन समिति में उनके सहायक सदस्य होंगे। विराट कोहली के बचपन के कोच और पूर्व में दिल्ली के गेंदबाज़ी कोच रह चुके राजकुमार शर्मा को दिल्ली का मेंटॉर बनाया गया है। वह ना सिर्फ़ दिल्ली की सीनियर बल्कि अन्य आयु-वर्ग टीमों का भी मेंटॉरिंग करेंगे।

दिल्ली की टीम पिछले सीज़न रणजी ट्रॉफ़ी के सात मुक़ाबलों में बस एक मुक़ाबला जीत पाई थी और निराशाजनक रूप से ग्रुप चरण से ही बाहर हो गई थी। विजय हज़ारे ट्रॉफ़ी में टीम क्वार्टर फ़ाइनल तक पहुंची, जबकि सैयद मुश्ताक़ अली ट्रॉफ़ी में भी टीम ग्रुप चरण से ही बाहर हो गई।

वहीं, दिल्ली महिला टीम ने अपने कोचिंग स्टाफ़ पर भरोसा बरक़रार रखा है। पूर्व बल्लेबाज़ दीप्ति ध्यानी आगामी सत्र में भी टीम की मुख्य कोच की ज़िम्मेदारी संभालेंगी। उनके साथ मनदीप कौर, गौतम वढेरा, आशीष मल्होत्रा और सोनू शर्मा सहायक कोच के रूप में काम करेंगे। दिल्ली की महिला टीम ने पिछले सत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए सीनियर महिला वनडे ट्रॉफ़ी की चैंपियन बनी थी। उन्होंने फ़ाइनल में रेलवेज़ को हराकर ख़िताब अपने नाम किया था।

दिल्ली के घरेलू मुक़ाबले इस बार पालम के एयरफ़ोर्स ग्राउंड में होंगे। अरूण जेटली स्टेडियम के नवीनीकरण के कारण दिल्ली इस बार अपने घरेलू रणजी मुक़ाबले पालम के एयरफ़ोर्स ग्राउंड में खेलेगा। हाल ही में अफ़ग़ानिस्तान और भारत के तीन टी 20 मुक़ाबले आयोजित करने वाले अरूण जेटली स्टेडियम के ड्रेनेज सिस्टम में सुधार के लिए ये नवीनीकरण कार्य किए जाएंगे और मिट्टी आधारित आउटफ़ील्ड को बालू आधारित आउटफ़ील्ड में बदला जाएगा।

दिल्ली को इस रणजी सीज़न के पहले चरण में 18 अक्तूबर को गुजरात की मेज़बानी करनी है, जबकि 2 नवंबर को उन्हें सर्विसेज से अपना घरेलू मुक़ाबला खेलना है। इस रणजी सीज़न दिल्ली का पहला मुक़ाबला कल्याणी में बंगाल से होगा।

अरूण जेटली स्टेडियम में 13 दिसंबर को भारत और श्रीलंका का वनडे मुक़ाबला होना है और अगर नवीनीकरण के कार्य तय समयसीमा तक समाप्त नहीं होते हैं, तो इस वनडे को कहीं दूसरे जगह पर भी भेजा जा सकता है।

Next Post

आर्सेलरमित्तल ने मिसाइल हमलों के कारण यूक्रेन स्टील प्लांट का परिचालन फिर से शुरू करने में जताई असमर्थता

Fri Sep 25 , 2026
कीव, 25 सितंबर (वार्ता) वैश्विक इस्पात कंपनी आर्सेलरमित्तल कहा है कि हाल ही में हुए लगातार मिसाइल हमलों के कारण वह यूक्रेन स्थित अपने प्रमुख संयंत्र ‘आर्सेलरमित्तल क्रिवी रिह’ का सुरक्षित और टिकाऊ परिचालन फिर से शुरू करने में असमर्थ है। कंपनी ने शुक्रवार को जारी एक बयान में यह […]

You May Like