आर्सेलरमित्तल ने मिसाइल हमलों के कारण यूक्रेन स्टील प्लांट का परिचालन फिर से शुरू करने में जताई असमर्थता

कीव, 25 सितंबर (वार्ता) वैश्विक इस्पात कंपनी आर्सेलरमित्तल कहा है कि हाल ही में हुए लगातार मिसाइल हमलों के कारण वह यूक्रेन स्थित अपने प्रमुख संयंत्र ‘आर्सेलरमित्तल क्रिवी रिह’ का सुरक्षित और टिकाऊ परिचालन फिर से शुरू करने में असमर्थ है।

कंपनी ने शुक्रवार को जारी एक बयान में यह जानकारी दी। कंपनी के अनुसार, पिछले पांच हफ्तों के दौरान उसके क्रिवी रिह संयंत्र पर चार मिसाइल हमले हुए हैं, जिसमें बड़े पैमाने पर उत्पादन सुविधाओं और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है। इन हमलों में कंपनी के पांच कर्मचारियों की मौत हो गई और 17 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। कंपनी ने इस स्थिति से यूक्रेन सरकार को अवगत कराते हुए कहा है कि मौजूदा परिस्थितियों में परिचालन बहाल करना संभव नहीं है।

आर्सेलरमित्तल क्रिवी रिह के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मौरो लोंगोबार्डो ने कहा कि युद्ध शुरू होने के बाद से कंपनी के कर्मचारियों ने संयंत्र और खदानों को चालू रखने के लिए अथक परिश्रम किया है। उन्होंने बताया कि कंपनी वर्तमान में यूक्रेन सरकार के साथ संयंत्र के भविष्य पर चर्चा कर रही है और उसका ध्यान बुनियादी ढांचे को सुरक्षित रखने पर केंद्रित है, ताकि शांति बहाल होने के बाद उत्पादन फिर से शुरू करने के विकल्पों पर विचार किया जा सके।

इस बंदी के कारण कंपनी को संपत्ति और उपकरणों के अवमूल्यन के रूप में लगभग 1 अरब डॉलर का गैर नकदी नुकसान होने की आशंका है।

उल्लेखनीय है कि अगस्त के मध्य से रूस ने यूक्रेन के कई प्रमुख इस्पात संयंत्रों को निशाना बनाकर मिसाइल हमले तेज कर दिए हैं। हाल ही में 21-22 सितंबर की रात को नीप्रो स्थित ‘इंटरपाइप’ इस्पात संयंत्र पर हुए हमले के बाद वहां भी उत्पादन रोक दिया गया था।

इसके अलावा ज़ापोरिज़्स्टाल, कामेतस्तल और नीप्रो धातुकर्म संयंत्र भी हमलों के कारण बंद पड़े हैं। इस्पात संयंत्रों और बुनियादी ढांचे पर हुए इन हमलों का असर यूक्रेन के लौह धातु निर्यात पर बुरी तरह पड़ा है, जिससे पिग आयरन और सेमी-फिनिश्ड कार्बन स्टील उत्पादों के निर्यात में भारी गिरावट दर्ज की गई है।

Next Post

भाजपा के नवनियुक्त मीडिया प्रभारी लोया और सोशल मीडिया प्रभारियों ने संभाला पदभार

Fri Sep 25 , 2026
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल की उपस्थिति में शुक्रवार को प्रदेश कार्यालय परिसर में नवनियुक्त प्रदेश मीडिया प्रभारी बृजगोपाल लोया और सोशल मीडिया विभाग के प्रभारी शिवराज सिंह डाबी ने महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर विधिवत पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर प्रदेश […]

You May Like