भरतपुर (वार्ता) राजस्थान के कृषिमंत्री किरोड़ी लाल मीणा की पहल पर उत्तराखंड के चमोली में फंसे सवाई माधोपुर, खंडार और गंगापुर के 210 तीर्थयात्रियों को निकालकर बसों से राजस्थान के लिए रवाना कर दिए जाने के बाद लोगों मे खुशी की लहर दौड़ गई।
सूत्रों ने शनिवार को बताया कि ये सभी तीर्थयात्री चमोली के गरुड़ गांव में भागवत कथा के आयोजन में शामिल हुए थे, लेकिन वहां अत्यधिक बारिश के कारण पहाड़ खिसकने और रास्ता बाधित हो जाने की वजह से पिछले तीन दिन से वहीं फंसे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सवाई माधोपुर से सात बसों में करीब 50 यात्री खंडार से थे जबकि बाकी गंगापुर और सवाई माधोपुर से हैं। इनका बद्रीनाथ दर्शन के लिए जाने की भी योजना थी।
सूत्रों ने बताया कि कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा को जब इनके फंसे होने की सूचना मिली तो फोन पर यात्रियों से बात की। फिर उन्होंने स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा में तैनात आईटीबीपी कमांडेंट धर्मेंद्र से बात की। इसके बाद यात्रियों को गरुड़ गांव से निकाला गया और बसों में बैठाकर सवाई माधोपुर के लिए रवाना किया गया।
