रहमान के सुरों संग पेड्डी का शक्ति प्रदर्शन, भोपाल में सितारों ने जमाया रंग

भोपाल। राजधानी के भेल दशहरा मैदान में शनिवार रात संगीत, सिनेमा और स्टारडम का अनोखा संगम देखने को मिला। ऑस्कर विजेता संगीतकार ए आर रहमान के लाइव कॉन्सर्ट ने हजारों दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा। कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही मैदान दर्शकों से खचाखच भर गया था और फैंस बेसब्री से रहमान की प्रस्तुति का इंतजार करते नजर आए।

मंच पर आते ही रहमान ने अपने लोकप्रिय गीतों से माहौल को संगीतमय बना दिया। तेलुगू फिल्म

पेड्डी के गीत होलु लू की प्रस्तुति ने दर्शकों में खास उत्साह पैदा किया। संगीत और रोशनी के बीच पूरा मैदान तालियों और जयकारों से गूंज उठा।

यह आयोजन केवल कॉन्सर्ट तक सीमित नहीं रहा, बल्कि फिल्म ‘पेड्डी’ के भव्य प्रमोशनल शो में भी बदल गया। फिल्म के प्रचार के लिए अभिनेता राम चरण, जाह्नवी कपूर,रवि किशन और दिव्येंदु शर्मा ने मंच साझा किया। सितारों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को और आकर्षक बना दिया और दर्शकों में फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ी।

अपने संबोधन में रहमान ने भारतीय सिनेमा में बदलते दौर का जिक्र करते हुए कहा कि अब क्षेत्रीय फिल्मों की सीमाएं तेजी से खत्म हो रही हैं। उनके अनुसार दक्षिण और हिंदी फिल्म उद्योग के कलाकार एक-दूसरे के साथ काम कर रहे हैं, जिससे भारतीय सिनेमा को नई पहचान मिल रही है। उन्होंने इसे बड़े और वैश्विक स्तर के प्रोजेक्ट्स के लिए सकारात्मक संकेत बताया।

वहीं अभिनेता दिव्येंदु शर्मा ने कहा कि पेड्डी उनके करियर की खास फिल्मों में से एक है, क्योंकि इसी के जरिए वह तेलुगू फिल्म इंडस्ट्री में कदम रख रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि दर्शक उन्हें जिस तरह हिंदी फिल्मों और ओटीटी प्लेटफॉर्म पर पसंद करते आए हैं, उसी तरह इस फिल्म को भी भरपूर प्यार देंगे।

Next Post

विकास, संस्कृति और नई संभावनाओं का मजबूत केंद्र बनेगा सिंगरौली: सीएम डॉ यादव 

Sat May 23 , 2026
सिंगरौली। सिंगरौली महोत्सव-नगर गौरव दिवस 2026 के अवसर पर चून कुमारी स्टेडियम, बैढ़न में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार प्रदेश के प्रत्येक जिले के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आज का पूरा दिन सिंगरौली […]

You May Like