सिंगरौली। सिंगरौली महोत्सव-नगर गौरव दिवस 2026 के अवसर पर चून कुमारी स्टेडियम, बैढ़न में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार प्रदेश के प्रत्येक जिले के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आज का पूरा दिन सिंगरौली जिले के विकास, गौरव और जनकल्याण को समर्पित रहा है तथा सरकार सिंगरौली को प्रदेश के सबसे विकसित और आधुनिक शहरों में शामिल करने के लिए संकल्पित है। उक्त बात है राजमाता चुन कुमारी स्टेडियम बैढ़न में आयोजित सिंगरौली महोत्सव के 18 में स्थापना अवसर पर दीप प्रज्वलित करते हुए कहीं। सिंगरौली महोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास कार्यों के साथ-साथ आध्यात्मिक और सांस्कृतिक चेतना का भी विस्तार हो रहा है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में प्रभु श्रीराम मुस्कुरा रहे हैं और भोजशाला में माता सरस्वती का आशीर्वाद प्राप्त हो रहा है। प्रदेश में सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और जनमानस को आध्यात्मिक रूप से जोड़ने के लिए प्रत्येक नगर में गीता भवन के निर्माण की दिशा में कार्य किया जा रहा है, जिससे सांस्कृतिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंगरौली केवल ऊर्जा उत्पादन का केंद्र ही नहीं, बल्कि विकास, संस्कृति और नई संभावनाओं का भी मजबूत केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि सिंगरौली महोत्सव और नगर गौरव दिवस जैसे आयोजन जिले की पहचान, सांस्कृतिक समृद्धि और सामाजिक सहभागिता को सशक्त बनाने का माध्यम हैं, जिन्हें आगे भी हर वर्ष उत्साह और उल्लास के साथ आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर जिले की प्रभारी मंत्री संपतिया उइके, राज्य मंत्री राधा सिंह, सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, मध्यप्रदेश गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष ओम जैन विधायक सिंगरौली रामनिवास शाह, देवसर राजेंद्र मेश्राम, धौहनी कुंवर सिंह टेकाम, सिहावल विश्वामित्र पाठक एवं महापौर रानी अग्रवाल मौजूद रहे।