जबलपुर: परिवहन आयुक्त उमेश जोगा के निर्देशानुसार आरटीओ संभागीय परिवहन उड़नदस्ता जबलपुर द्वारा अवैध माल परिवहन एवं नियम उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध सघन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बिना वैध परमिट माल परिवहन करते पाए गए ट्रक क्रमांक यूपी 63 बीटी 6262 को जब्त किया गया। वाहन मालिक द्वारा 31,000 रुपए राजस्व जमा किए जाने के उपरांत वाहन को नियमानुसार रिलीज किया गया।
उक्त विशेष अभियान के दौरान उड़नदस्ता टीम द्वारा कुल 35 भारी माल वाहनों पर कार्यवाही करते हुए लगभग 1,81,500 रूपये राजस्व वसूला गया। कार्यवाही के अंतर्गत 5 वाहन चालक बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाते पाए गए, वहीं एक वाहन बिना वैध प्रदूषण प्रमाणपत्र के संचालित होता मिला। इसके अतिरिक्त भारी मात्रा में ओवरलोड माल परिवहन कर रहे 3 ट्रेलरों पर भी चालानी कार्यवाही की गई। सम्भागीय उड़न दस्ता प्रभारी विक्रम सिंह ठाकुर ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा एवं परिवहन नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध आगे भी लगातार सख्त कार्यवाही जारी रहेगी
