
छतरपुर। जिले के गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र के ग्राम पिड़पा में मेड़ पर गिरे पेड़ को हटाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद मारपीट में बदल गया। घटना में दोनों पक्षों के तीन-तीन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को महाराजपुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार और मेडिकल परीक्षण (एमएलसी) किया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, तेज आंधी और बारिश के दौरान खेत की मेड़ पर खड़ा एक पेड़ गिरकर दूसरे भाई की जमीन पर बने तीन टप्परों पर जा गिरा। टप्परों के नीचे बंधे मवेशी भी पेड़ के नीचे दब गए। बताया गया कि पेड़ को काटकर हटाने की बात पहले से तय थी, लेकिन समय पर ऐसा नहीं होने पर मवेशियों वाले पक्ष के लोग दूसरे भाई के खेत पर पहुंच गए। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई।
ग्रामीणों के अनुसार, जमीन के बंटवारे के बाद से दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। पुलिस का कहना है कि घटना में दोनों पक्षों के कुल छह लोग घायल हुए हैं। दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
