नयी दिल्ली, 4 जुलाई (वार्ता) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने राष्ट्रीय राजमार्गों तथा एक्सप्रेसवे जैसी महत्वपूर्ण सड़कों के धंसने की घटनाओं में हो रहे जानमाल के नुकसान पर तंज कसते हुए कहा कि जनता से टैक्स तो लगातार वसूला जा रहा है लेकिन बुनियादी ढांचे की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी कोई नहीं ले रहा है। श्री गांधी ने शनिवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा “कहीं कोई जिम्मेदारी ही नहीं है।
सड़कें धंसती रहेंगी, जानें जाती रहेंगी, मोदी सरकार टैक्स वसूलती रहेगी।” लोकसभा में विपक्ष के नेता ने अपनी पोस्ट के साथ एक वीडियो भी साझा किया है जिसमें विभिन्न स्थानों पर सड़क धंसने की घटनाएं दिखाई गई हैं। वीडियो में कहीं लोग सड़क धंसने से गिरते नजर आते हैं तो कहीं वाहन गड्ढों में फंसे दिखाई देते हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि इस तरह की घटनाएं बुनियादी ढांचे की गुणवत्ता और उसकी निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती हैं इसलिए जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जवाबदेही तय की जानी चाहिए।

