इंदौर:एरोड्रम थाना क्षेत्र के 60 फीट रोड पर सोमवार रात सनक में आए एक युवक ने दोस्त के घर में घुसकर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमले में युवती के भाई की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि युवती और उसकी मां गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं. वारदात के बाद आरोपी ने खुद को भी चाकू मारकर घायल कर लिया.बिजासन रोड निवासी आरोपी वेदांत सोलंकी का अपनी सहेली विधि लखावत से लंबे समय से विवाद चल रहा था. सोमवार रात करीब 10 बजे आरोपी जबरन विधि के घर में घुसा और विवाद करने लगा. इसी दौरान उसने चाकू से विधि और उसकी मां अनीता पर हमला कर दिया.
बहन को बचाने आए भाई वेदांश पर भी आरोपी ने एक के बाद एक कई वार किए. गंभीर रूप से घायल वेदांश को अरविंदो अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. बताया जा रहा है कि घटना से करीब 5-6 दिन पहले विधि के परिजनों ने आरोपी की हरकतों को लेकर एरोड्रम थाने में शिकायत की थी, लेकिन उस समय उसे समझाइश देकर छोड़ दिया था. वारदात के बाद आरोपी इतना उत्तेजित हो गया कि उसने खुद को भी चाकू मारकर घायल कर लिया. सूचना मिलते ही टीआई तरुण भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल भिजवाया. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है. घायल आरोपी को अस्पताल में पुलिस निगरानी में रखा है.
