मुंबई, पुराने वीडियो की वजह से हो रही ट्रोलिंग के बीच रणबीर कपूर ने फैमिली के साथ बप्पा को विदा किया। अपने नए घर ‘कृष्णा राज’ में पहला गणेश उत्सव मनाया गया।
रणबीर कपूर इन दिनों सोशल मीडिया पर एक पुराने वीडियो को लेकर लोगों के निशाने पर हैं। हालांकि इन तमाम ट्रोलिंग को किनारे करते हुए एक्टर ने अपनी पत्नी आलिया भट्ट, बेटी राहा और मां नीतू कपूर के साथ मिलकर गणपति विसर्जन की रस्म को पूरे रीति-रिवाज से निभाया। गणेश उत्सव के 5वें दिन कपूर परिवार अपने घर में स्थापित बप्पा की मूर्ति को विदाई देने के लिए इकट्ठा हुआ। इस मौके पर उनके कुछ करीबी दोस्त और घर के कर्मचारी भी शामिल हुए।
पुराने वीडियो की वजह से उठे सवाल और बढ़ा विवाद
नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ को लेकर सुर्खियों में बने रणबीर कपूर का करीब 3 साल पुराना एक वीडियो हाल ही में सोशल मीडिया पर छा गया। इस वीडियो में वह यह कहते हुए प्रसाद लेने से मना करते दिख रहे थे कि वह अपनी सख्त डाइट पर हैं।
उनके इस बयान के बाद नेटिजंस ने उन्हें जमकर निशाना बनाया और ‘रामायण’ में भगवान राम के किरदार निभाने को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए। हालांकि फैंस ने उनका बचाव करते हुए कहा कि यह वीडियो काफी पुराना है और वह फिल्म की तैयारी के लिए फिटनेस प्लान का पालन कर रहे थे।
कृष्णा राज बंगला में मनाया गणेशोत्सव
कपूर परिवार के लिए यह गणेशोत्सव बेहद खास रहा क्योंकि उन्होंने अपने नए घर ‘कृष्णा राज’ बंगले में पहली बार बप्पा की स्थापना की थी। 8 मंजिला इस आलीशान बंगले में शिफ्ट होने के बाद यह उनका पहला बड़ा पारिवारिक त्योहार था। पूजा स्थल पर रणबीर ने अपने दिवंगत पिता और हिंदी सिनेमा के दिग्गज एक्टर ऋषि कपूर की तस्वीर भी रखी थी, जिससे पूरा माहौल भावुक हो गया था। विसर्जन स्थल तक जाते समय परिवार के सभी सदस्य भक्ति भाव से सराबोर दिखे।
जयकारों संग को दी बप्पा भावुक विदाई
गणपति बप्पा की विदाई के समय पूरी कपूर फैमिली का खूबसूरत पारंपरिक लुक देखने को मिला। आलिया भट्ट गुलाबी और सुनहरे रंग के सूट में नजर आईं और उन्होंने अपनी नन्हीं बेटी राहा को गोद में ले रखा था। वहीं, ऑरेंज कुर्ते में रणबीर कपूर खुद अपने हाथों में गणपति की मूर्ति उठाए दिखे और मां नीतू कपूर नीले सूट में बहुत सुंदर लग रही थीं।
