लाल किले के निकट हुए घातक विस्फोट के बाद दिल्ली और जम्मू एवं कश्मीर के बीच रणजी ट्रॉफी मैच के लिए अरुण जेटली स्टेडियम में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास सोमवार की शाम को जबरदस्त विस्फोट हुआ। इस घटना में लगभग 10 लोगों की मौत हो गई है। वहीं 20 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। इस घटना के बाद दिल्ली के तमाम इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इसके साथ ही अरुण जेटली स्टेडियम में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जहां रणजी ट्रॉफी का मुकाबला खेला जा रहा है।
दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली और जम्मू-कश्मीर के बीच रणजी ट्रॉफी ग्रुप डी का मुकाबला खेला जा रहा है। इस मुकाबले का आज आखिरी दिन है। उससे पहले स्टेडियम में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। यह स्टेडियम लाल किला से कुछ ही किलोमीटर दूर है।
दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) के सचिव अशोक शर्मा ने सोमवार को ‘पीटीआई’ को बताया कि दिल्ली और जम्मू-कश्मीर के बीच रणजी ट्रॉफी मैच के अंतिम दिन फिरोज शाह कोटला स्टेडियम (अरुण जेटली स्टेडियम) के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी जाएगी। उन्होंने कहा, ‘‘मैं दिल्ली पुलिस अधिकारियों से संपर्क करूंगा और उनसे स्टेडियम परिसर के बाहर अतिरिक्त सुरक्षा तैनात करने का अनुरोध करूंगा।”
