ससुराल और मायके पक्ष में शव को लेकर तकरार, भारी पुलिस बल की मौजूदगी में मायके वालों को सौंपा शव

सीहोर। शुक्रवार की दोपहर थाना कोतवाली अंतर्गत विवाहिता अपने घर में फांसी के फंदे पर लटकी मिली थी. इस मामले में मृतिका के परिजनों द्वारा ससुराल पक्ष पर प्रताडि़त करने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी. मामले को लेकर शनिवार की सुबह फिर दोनों पक्ष आमने- सामने हो गए. दोनों ही पक्ष शव को अपने साथ ले जाने की मांग कर रहे थे. आखिरकार शाम को पुलिस ने मायके पक्ष को विवाहिता का शव सौंप दिया है. स्थानीय विश्राम घाट पर ही मायके पक्ष ने उसका अंतिम संस्कार किया.

गौरतलब है कि शुक्रवार की दोपहर श्रवण का बगीचा निवासी 30 वर्षीय मालती प्रजापति पत्नी नेपाल प्रजापति अपने घर में फांसी के फंदे पर लटकी मिली थी. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पीएम के लिए मर्चुरी रूम में रखवा दिया था. इस दौरान वहां मृतिका के परिजन भी आ गए थे और उन्होंने पति व सास पर मृतिका को प्रताडि़त करने का आरोप लगाया था. उनका कहना था कि ससुराल वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए. पुलिस ने मामले की जांचोपरांत कार्रवाई करने का आश्वासन दिया था.

शनिवार को एक बार फिर पीएम रूम के सामने उस वक्त अप्रिय स्थिति निर्मित हो गई जब ससुराल पक्ष और मायके वाले विवाहिता के शव की मांग करने लगे. इस दौरान मृतिका के परिजन काफी आक्रोश में थे और ससुराल वालों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे. हालात बिगड़ते देख वहां पुलिस अधिकारी भारी बल के साथ पहुंच गए थे. इस दौरान दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों ही पक्ष शव को उन्हें सौंपे जाने की मांग को लेकर अड़े थे. आखिरकार शाम चार बजे पुलिस ने शव को मृतिका के मायके पक्ष के हवाले कर दिया. उन्होंने शव का छावनी विश्राम घाट में अंतिम संस्कार कर दिया है.

परिजनों के बयान ले रहे हैं

विवाहिता के मायके पक्ष के बयान दर्ज किए जा रहे हैं तथा आरोपों की जांच की जा रही है. जांचोपरांत आगामी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल विवाहिता का शव उन्हें सौंपा गया है.

डॉ. अभिनंदना शर्मा,

नगर पुलिस अधीक्षक

Next Post

कजलीखेड़ा के अस्पताल में मरीज ने लगाई फांसी, मानसिक बीमारी से था परेशान

Sat Jun 27 , 2026
भोपाल। कजलीखेड़ा इलाके में एक अस्पताल में भर्ती मरीज ने बाथरूम के अंदर फांसी लगाकर अपनी जान दे दी. मामला सामने आने पर पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजा और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. जानकारी के मुताबिक 48 वर्षीय दीपक शुक्ला किसानी का काम […]

You May Like