सीहोर। शहर में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर ऑपरेशन मजनू को तत्काल प्रभाव से शुरू करने की मांग की गई है. आशीष गहलोत ने बताया कि बड़ी संख्या में छात्राएं देर शाम तक कोचिंग संस्थानों और विद्यालयों में आती-जाती हैं. इस दौरान कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा छींटाकशी, पीछा करने और मानसिक प्रताड़ना जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे छात्राएं भय और तनाव में रहती हैं और उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है.
एसपी दीपक कुमार शुक्ला को सौंपे गए ज्ञापन में भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, प्रमुख चौराहों और कोचिंग जोनों में सघन पुलिस गश्त बढ़ाने तथा ऑपरेशन मजनू को सख्ती से लागू करने की मांग की गई है. साथ ही छात्राओं को महिला हेल्पलाइन 1090, 112 और 181 की जानकारी देकर त्वरित सहायता सुनिश्चित करने की बात कही गई. गल्र्स कॉलेज, महिला पॉलिटेक्निक, पीजी कॉलेज, आदिवासी कन्या छात्रावास, इंग्लिशपुरा रोड, कोतवाली चौराहा, उत्कृष्ट स्कूल और महारानी लक्ष्मीबाई कन्याशाला के आसपास नियमित निगरानी और कार्रवाई की आवश्यकता बताई गई. इस अवसर पर ब्रजेश पटेल, ईश्वर सिंह चौहान और विनीत गोयल उपस्थित रहे.
