
जबलपुर। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा जबलपुर डुमना विमान तल में कार्यरत अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सुरक्षा कर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन और कार्यकुशलता को बेहतर बनाने के उद्देश्य से गत दिवस “इनर क्लैरिटी फॉर ऑपरेशनल एक्सीलेंस” विषय पर विशेष ज्ञान एवं ध्यान सत्र आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों में मानसिक स्पष्टता, भावनात्मक संतुलन, सकारात्मक सोच और बेहतर निर्णय क्षमता विकसित कर सुरक्षित एवं प्रभावी विमानन संचालन को मजबूती प्रदान करना था। आर्ट ऑफ लिविंग के वरिष्ठ प्रशिक्षक ऋतु राज असाटी ने कहा की वर्तमान समय में अधिकांश शारीरिक और मानसिक समस्याओं की जड़ तनाव है। यदि तनाव का समय रहते मानसिक स्तर पर ही समाधान कर लिया जाए तो अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि ध्यान, योग और श्वास की वैज्ञानिक तकनीकें व्यक्ति को मानसिक शांति, एकाग्रता और बेहतर निर्णय क्षमता प्रदान करती हैं, जो विमानन जैसे अत्यधिक जिम्मेदारी वाले क्षेत्र में अत्यंत आवश्यक हैं।
उन्होंने कहा की मन की अशांति केवल व्यक्तिगत जीवन ही नहीं, बल्कि सामाजिक समस्याओं का भी प्रमुख कारण बनती है। इसलिए मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देना आज समय की आवश्यकता है। सत्र के दौरान प्रतिभागियों को विशेष ध्यान कराया गया, जिससे उन्होंने मानसिक शांति और आंतरिक स्थिरता का अनुभव किया।
जबलपुर डुमना विमान तल के निदेशक राजीव रत्न पाण्डेय ने कहा की एयरपोर्ट पर कार्यरत प्रत्येक कर्मचारी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन करता है। ऐसे में मानसिक स्वास्थ्य और भावनात्मक संतुलन पर आधारित इस प्रकार के कार्यक्रम कार्यक्षमता बढ़ाने के साथ सकारात्मक कार्य संस्कृति विकसित करने में भी सहायक सिद्ध होंगे। उन्होंने कहा कि यह पहल कर्मचारियों के समग्र कल्याण के साथ सुरक्षित एवं सुचारु विमानन संचालन को भी सुदृढ़ करेगी।
इस अवसर पर कार्यक्रम समन्वयक नीरज गुड़वानी ने बताया की ध्यान एवं श्वास की सरल तकनीकों से प्रतिभागियों ने स्वयं को अधिक शांत, ऊर्जावान और केंद्रित महसूस किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन संस्थान में सहयोगात्मक और सकारात्मक कार्य वातावरण विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिवक्ता एवं भारत सरकार के पूर्व सहायक सॉलिसिटर जनरल राधेलाल गुप्ता विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं सुरक्षा कर्मियों ने सहभागिता की। आर्ट ऑफ लिविंग की ओर से जय दुबे, सोनू बोथरा, आदित्य तिवारी एवं श्रद्धा मिश्रा भी उपस्थित रहे।
