पेंच बफर क्षेत्र में बाघ का हमला, मवेशी चराने गए ग्रामीण की मौत

बिछुआ/छिंदवाड़ा। पेंच टाइगर रिजर्व की बफर जोन में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक घटना में बाघ के हमले से एक ग्रामीण की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सुरेवानी, तहसील बिछुआ निवासी फागलाल गुरुवार सुबह करीब 10 बजे अपने मवेशियों को चराने के लिए जंगल गया था। इसी दौरान पेंच नेशनल पार्क की बफर सीमा में अचानक एक बाघ ने उस पर हमला कर दिया। हमला इतना अचानक और तेज था कि ग्रामीण को संभलने का मौका नहीं मिला और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद वन विभाग और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही वन अमला एवं पुलिस दल घटनास्थल पर पहुंचा और पंचनामा सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया भी की जा रही है।

घटना के बाद सुरेवानी सहित आसपास के गांवों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से बफर क्षेत्र में लगातार बढ़ रही बाघों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण और जंगल में जाने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए ठोस इंतजाम करने की मांग की है।

वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अकेले जंगल में न जाएं तथा बफर क्षेत्र में मवेशी चराने के दौरान विशेष सावधानी बरतें। अधिकारियों के अनुसार घटना की विस्तृत जांच की जा रही है तथा नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Next Post

बालाकोट के जंगल में भालू के हमले से युवक गंभीर घायल, सागर रेफर

Thu Jul 9 , 2026
दमोह.वन परिक्षेत्र दमोह के अंतर्गत बालाकोट के जंगल में गुरुवार को भालू/रीछ के हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया.जानकारी के अनुसार 33 वर्षीय माधव पिता मोहन सिंह, निवासी बमनोदा जंगल गए थे, तभी अचानक भालू ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक को […]

You May Like