
सीहोर।बुधवार की शाम जिला अस्पताल के समीप मानसिक रूप से कमजोर व्यक्ति ने जमकर हंगामा किया. वह सड़क से गुजर रहे वाहनों के सामने लेटकर जान देने की कोशिश कर रहा था. उसे लोग सड़क के किनारे कर रहे थे तो वह उन पर भी हमला कर रहा था. इस दौरान यातायात बाधित होता रहा. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस उसे किसी तरह वश में कर थाने लाई है और उसके परिजनों को बुलाया गया है. बताया जाता है कि पूर्व में वह शिक्षक रह चुका है तथा बारह साल पहले इसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी थी. जिसकी सजा काटकर वह जेल से छूटा था.
बुधवार की शाम जिला अस्पताल के सामने एक व्यक्ति द्वारा बार- बार सड़क पर जा रहे वाहनों के सामने आने की कोशिश की जा रही थी. उसे लोग सड़क से हटाने की कोशिश कर रहे थे तो वह उन पर भी हमला कर रहा था. लगभग एक घंटे तक उसके द्वारा हंगामा किया जाता रहा. नतीजतन बार- बार जाम के हालत बनते रहे. सूचना मिलने पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने उस पर काबू करने का प्रयास किया तो उसने उनके साथ भी हाथापाई कर दी थी. किसी तरह उसे एफआरबी से थाने लाया गया है.
शुरुआती पूछताछ में उक्त व्यक्ति इछावर तहसील के ग्राम खैरी निवासी संतोष प्रजापति आ. पूनम प्रजापति बताया जाता है. पुलिस ने उसके पुत्र शरद प्रजापति व चाचा को बुलाया है जो उसे मानसिक स्वास्थ्य केन्द्र ले गया है. उसके पुत्र शरद की मानें तो वर्ष 13 में संतोष ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी थी. कुछ साल वह जेल में काटकर आने के बाद कस्बा क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहा था.
