माॅस्को, 22 अप्रैल (वार्ता) रूस ने मंगलवार को कहा कि नागरिक बुनियादी ढांचे के खिलाफ दोनों पक्षों की ओर से किये जा रहे हमलों को रोकने के यूक्रेन के हालिया प्रस्ताव को लेकर रूस और यूक्रेन के बीच वार्ता के लिए कोई विशेष योजना नहीं है।
रूसी राष्ट्रपति कार्यालय ‘क्रेमलिन’ के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पुष्टि की है कि वह इस मुद्दे पर चर्चा करने के लिए तैयार हैं। इस मामले में हालांकि कोई विशेष विवरण नहीं दिया गया है।
श्री पेसकोव ने आतंकवादियों द्वारा बैठक के लिए नागरिक सुविधा का उपयोग करने का उदाहरण देते हुए प्रस्ताव की बारीकियों की ओर इशारा किया, जैसे कि नागरिक बुनियादी ढांचा कब सैन्य लक्ष्य बनाया जा सकता है।
यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने रविवार को कम से कम 30 दिन के लिए नागरिक बुनियादी ढांचे पर लंबी दूरी के ड्रोन और मिसाइलों के उपयोग वाले किसी भी हमले को रोकने का प्रस्ताव रखा।
श्री पुतिन ने हालांकि सोमवार को कहा कि यूक्रेन के प्रस्ताव की जांच की आवश्यकता है और इस मुद्दे पर संभावित रूप से द्विपक्षीय वार्ता के माध्यम से चर्चा की जा सकती है।
