टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर गोलीबारी, अभिनेता सुरक्षित, चालक घायल

अज्ञात हमलावरों ने टाइगर श्रॉफ की लग्जरी गाड़ी पर तीन गोलियां चलाईं। घायल चालक को नानावटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना जुहू पुलिस थाना क्षेत्र की है।

मुंबई पुलिस ने अभिनेता के सुरक्षित होने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के एक बयान में कहा गया, “जुहू पुलिस थाना क्षेत्र में गोलीबारी की घटना सामने आई है। अभिनेता टाइगर श्रॉफ सुरक्षित हैं और उन्हें गोली नहीं लगी है। मामले की आगे जांच की जा रही है।”

घटना उस समय हुई, जब टाइगर श्रॉफ एक फुटबॉल मैदान से निकल रहे थे। गोलीबारी के पीछे के कारणों तथा हमलावरों की पहचान का पता लगाया जा रहा है।

मुंबई पुलिस सोशल मीडिया पर प्रसारित एक पोस्ट की प्रामाणिकता की भी जांच कर रही है। यह पोस्ट कथित तौर पर विदेश में सक्रिय गैंगस्टर अनिल पंडित और हरमन संधू से जुड़ी है। पोस्ट में घटना की जिम्मेदारी ली गई है।

पोस्ट में आरोप लगाया गया है कि टाइगर श्रॉफ ने अभिनेता सलमान खान के साथ काम नहीं करने की चेतावनी देने वाले पहले के संदेशों को नजरअंदाज किया था। पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस नेता सचिन सावंत ने कहा, “यह वास्तव में बेहद डरावना है। मुंबई में पहले कभी कानून-व्यवस्था की इतनी खराब स्थिति नहीं रही, लेकिन महायुति सरकार के शासन में अब ऐसा हो रहा है।”

श्री सावंत ने कहा, “इससे पहले राजनेता बाबा सिद्दीकी की हत्या हुई, सलमान खान के घर पर गोलीबारी की गई और फिल्म निर्माताओं को धमकियां मिल रही हैं। पहले हम कहते थे कि महाराष्ट्र बिहार बनने की राह पर है, लेकिन अब ऐसा वास्तव में हो गया है। यह सरकार की अक्षमता है और हम इसकी निंदा करते हैं। मुंबई को कभी देश का सबसे सुरक्षित शहर माना जाता था, लेकिन आज की स्थिति डरावनी है।”

 

Next Post

अमन, मौसम शानदार जीत दर्ज करके आगे बढ़े

Sun Oct 18 , 2026
बुडवा, 18 अक्टूबर (वार्ता) अमन देव और मौसम सुहाग ने रविवार को मोंटेनेग्रो के बुडवा में 2026 वर्ल्ड बॉक्सिंग अंडर-19 चैंपियनशिप में अपनी-अपनी वेट कैटेगरी में आराम से जीत दर्ज करके अगले राउंड में पहुंच गए। अमन ने तीनों राउंड में दबदबा बनाते हुए पुरुषों की 50 किग्रा वेट कैटेगरी […]

You May Like