राजगढ़: शहर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा व निर्माण सामग्री डालने वालों के खिलाफ नगर पालिका ने कार्रवाई की. रविवार शाम उद्धभव नगर और महाराष्ट्र भवन के रास्ते में बनी पुलिया के समीप निर्माण कार्य का मलबा खाली कर रहे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को नगर पालिका कर्मचारियों ने पकड़ लिया. चालक पर 5 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया.
उल्लेखनीय है कि डिप्टी कलेक्टर श्रीमती निधि भारद्वाज के निर्देश पर गत दिनों उक्त क्षेत्र में सफाई और समतलीकरण का कार्य कराया गया था. इससे पहले इस मार्ग और नाले के आसपास कचरे और मकानों के मलबे का अंबार लगा रहता था. सफाई के बाद पुलिया पर कचरा और निर्माण सामग्री डालने पर प्रतिबंध लगाया गया था.
रविवार शाम एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरा मलबा पुलिया पर खाली किया जा रहा था. राहगीरों की सूचना पर नगर पालिका कर्मचारी अनिल कराड़े और गिरराज कलोसिया मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर को पकड़ लिया.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चालक मुख्य बाजार स्थित नागर मोहल्ले के किसी जर्जर भवन का मलबा यहां फेंकने आया था.
5 हजार रुपए का लगाया जुर्माना
उद्भव नगर और महाराष्ट्र कॉलोनी जाने वाले मार्ग की पुलिया पर कचरा और निर्माण मलबा डालने पर ट्रैक्टर चालक राकेश भिलाला के खिलाफ 5 हजार रुपए की चालानी कार्रवाई की गई. नगर पालिका कर्मचारी अनिल कराड़े के अनुसार, चालक द्वारा हंगामा किए जाने पर पुलिस की मदद से ट्रैक्टर और चालक को थाने ले जाया गया. बाद में चालक ने जुर्माने की राशि जमा कर दी.
बरसों बाद दिखी सख्ती, स्वच्छता
को लेकर जगी उम्मीद
शहर में सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जुर्माना लगाने की सख्ती लंबे समय बाद देखने को मिली है. अब तक कई स्थानों पर कचरा और निर्माण मलबा डाले जाने से स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित होती रही है. ऐसे में नगर पालिका की इस कार्रवाई से नियम तोडऩे वालों में जवाबदेही बढऩे और शहर की स्वच्छता व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है.
