नयी दिल्ली, 03 अगस्त (वार्ता) जम्मू कश्मीर के 24 वर्षीय विकेटकीपर बल्लेबाज़ कन्हैया वधावन को 23 अगस्त से शुरू होने वाली दलीप ट्रॉफ़ी के लिए उत्तर क्षेत्र का कप्तान बनाया गया है, जबकि दिल्ली के ऑलराउंडर आयुष बदोनी टीम के उपकप्तान होंगे। पिछले साल दलीप ट्रॉफ़ी के दौरान अपना आख़िरी लाल गेंद का मैच खेलने वाले भारतीय तेज़ गेंदबाज़ अर्शदीप सिंह को भी 15 सदस्यीय दल में शामिल किया गया है। उत्तर क्षेत्र की इस टीम में पिछले सीज़न की रणजी ट्रॉफ़ी विजेता जम्मू कश्मीर टीम का दबदबा साफ़ नज़र आता है। 15 सदस्यीय दल में जम्मू कश्मीर के छह खिलाड़ियों को जगह मिली है। इनमें कप्तान वधावन के अलावा सलामी बल्लेबाज़ क़ामरान इक़बाल, मध्य क्रम के बल्लेबाज़ अब्दुल समद, बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर आबिद मुश्ताक़ और तेज़ गेंदबाज़ सुनील कुमार तथा युधवीर सिंह शामिल हैं।
समद ने पिछले रणजी सीज़न में जम्मू कश्मीर के लिए 10 मैचों की 15 पारियों में 57.53 की औसत से टीम के लिए सर्वाधिक 748 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने एक शतक और पांच अर्धशतक लगाए। वहीं वधावन ने 10 मैचों की 13 पारियों में एक शतक और दो अर्धशतकों की मदद से 36.46 की औसत से 474 रन बनाए थे। फ़ाइनल में खेली गई उनकी 70 रनों की पारी टीम की जीत में अहम रही थी। सलामी बल्लेबाज़ इक़बाल ने भी फ़ाइनल की दूसरी पारी में नाबाद 160 रन बनाए थे। उन्होंने पूरे सीज़न में दो शतकों की मदद से 471 रन बनाए और शानदार प्रदर्शन का ईनाम उन्हें पहली बार दलीप ट्रॉफ़ी की टीम में चयन के रूप में मिला। वहीं मुश्ताक़ ने पिछले सीज़न में 445 रन बनाने के साथ 20 विकेट भी लिए थे। नॉर्थ ज़ोन की टीम में वह निशांत सिंधु के साथ स्पिन ऑलराउंडर की भूमिका निभाएंगे। जम्मू कश्मीर के बाद दिल्ली के सर्वाधिक चार खिलाड़ियों का चयन हुआ है। इनमें पिछले रणजी सीज़न में क्रमशः दूसरे और तीसरे सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज़ आयुष दोसेजा और सनत सांगवान भी शामिल हैं। मध्य क्रम के बल्लेबाज़ दोसेजा ने रणजी ट्रॉफ़ी 2025-26 में सात मैचों की 12 पारियों में 105.44 की औसत से चार शतक और पांच अर्धशतकों की मदद से 949 रन बनाए थे। वहीं सलामी बल्लेबाज़ सांगवान ने सात मैचों में तीन शतक और तीन अर्धशतकों के साथ 69 की औसत से 828 रन बनाए थे। इसके अलावा यश ढुल और आयुष बदोनी का चयन लगातार दूसरी बार दलीप ट्रॉफ़ी के लिए हुआ है।
भारतीय सीमित ओवरों की टीम के नियमित सदस्य अर्शदीप लगभग एक साल के अंतराल के बाद लाल गेंद की क्रिकेट खेलते नज़र आ सकते हैं। उनके साथ जम्मू कश्मीर के युधवीर सिंह और सुनील कुमार के अलावा पिछले साल इंग्लैंड दौरे पर भारतीय टीम का हिस्सा रहे हरियाणा के अंशुल कंबोज तेज़ गेंदबाज़ी आक्रमण की कमान संभालेंगे। श्रीलंका दौरे पर भारतीय टीम के साथ होने के कारण पिछले रणजी सीज़न के सबसे सफल गेंदबाज़ आक़िब नबी के नाम पर विचार नहीं किया गया। उत्तर क्षेत्र अपना पहला मैच 23 अगस्त को बेंगलुरू स्थित सीओई में वेस्ट ज़ोन के ख़िलाफ़ खेलेगा। दलीप ट्रॉफ़ी 2026-27 के लिए उत्तर क्षेत्र का दल: कन्हैया वधावन (कप्तान, जम्मू कश्मीर), सनत सांगवान (दिल्ली), क़ामरान इक़बाल (जम्मू कश्मीर), यश ढुल (दिल्ली), आयुष दोसेजा (दिल्ली), अब्दुल समद (जम्मू कश्मीर), आयुष बदोनी (उपकप्तान, दिल्ली), निशांत सिंधु (हरियाणा), अर्जुन शर्मा (सर्विसेज), आबिद मुश्ताक़ (जम्मू कश्मीर), अर्शदीप सिंह (पंजाब), सुनील कुमार (जम्मू कश्मीर), अंशुल कंबोज (हरियाणा), युधवीर सिंह (जम्मू कश्मीर), निखिल कश्यप (हरियाणा)।

