इंदौर:कनाड़िया पुलिस ने एमडी ड्रग्स तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए सप्लाई चेन से जुड़े तीसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है. पहले गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस आगर मालवा तक पहुंची और वहां से ड्रग्स सप्लायर को दबोच लिया. आरोपी के कब्जे से 42.18 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की गई. इस कार्रवाई के बाद मामले में बरामद एमडी ड्रग्स की कुल मात्रा 47.78 ग्राम हो गई है. पुलिस ने ड्रग्स के साथ एक किया सेल्टोस कार भी जब्त की है. बरामद सामग्री की कीमत करीब 15.70 लाख रुपए बताई गई है.
रविवार 5 जुलाई की रात कनाड़िया पुलिस ने खजराना निवासी साजिद कुरैशी उम्र 34 साल और इसराइल पटेल उम्र 21 साल को 5.60 ग्राम एमडी ड्रग्स तथा किया सेल्टोस कार एमपी 09 जेडजी 3434 के साथ गिरफ्तार किया था. पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि वे एमडी ड्रग्स आगर मालवा निवासी दानिश कुरैशी उम्र 27 साल से खरीदते हैं. इसके बाद पुलिस ने आगर मालवा के छोटा ततिया क्षेत्र में दबिश देकर दानिश को गिरफ्तार किया. तलाशी में उसके कब्जे से 42.18 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 4.20 लाख रुपए आंकी गई है. तीनों आरोपियों से अब ड्रग्स के मुख्य सप्लायर और पूरे नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि दानिश कुरैशी के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं.
आरोपी से की जा रही पूछताछ
मुख्य सप्लायर से ड्रग्स के स्त्रोत के बारे में पूछताछ की जा रही है
डीसीपी जोन-2 अमन सिंह राठौड़ के अनुसार, एमडी ड्रग्स मामले में पहले गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगर मालवा से मुख्य सप्लायर दानिश कुरैशी को गिरफ्तार किया है. मामले में ड्रग्स के स्रोत और पूरे सप्लाई नेटवर्क के संबंध में पूछताछ जारी है
