मुंबई, 17 सितंबर (वार्ता) अग्रणी गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (एनबीएफसी) एलएंडटी फाइनेंस लिमिटेड (एलटीएफ) ने अपने दुपहिया वाहन फाइनेंस ग्राहकों के लिए बुधवार को तीन नयी ऋण योजनाओं की घोषणा की।
इन योजनाओं में नो कॉस्ट ईएमआई, शीघ्र भुगतान छूट और ईएमआई लाइट फेस्टिव (2025 में खरीदें और 2026 में भुगतान करें) शामिल हैं। नो कॉस्ट ईएमआई योजना के तहत ग्राहक ऋण राशि पर ब्याज दिये बिना ऋण ले सकते हैं। ग्राहकों को सिर्फ मामूली दस्तावेज शुल्क देना होगा।
शीघ्र भुगतान छूट योजना उन ग्राहकों के लिए उपलब्ध है, जो न्यूनतम 36 महीने की पुनर्भुगतान अवधि चुनते हैं। उन्हें 35 महीने तक सफलतापूर्वक ईएमआई चुकाने पर अंतिम ईएमआई नहीं देनी होगी।
ईएमआई लाइट फेस्टिव स्कीम ग्राहकों को ऋण अवधि के पहले दो महीनों के लिए ईएमआई के केवल ब्याज वाले हिस्से का भुगतान करने की अनुमति देती है, इस शुरुआती अवधि के दौरान उनके मासिक भुगतान में कोई मूल राशि शामिल नहीं होती है। इस प्रकार, इसे 2025 में खरीदें और 2026 में चुकायें नाम दिया गया है।
एलटीएफ के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुदीप्त रॉय ने कहा, “ हमारे दुपहिया वित्त पोषण व्यवसाय में ‘प्रोजेक्ट साइक्लॉप्स’ का एक उन्नत संस्करण अब उपलब्ध है और बाइक तथा स्कूटर के लिए संशोधित जीएसटी स्लैब इसी महीने से लागू हो रहे हैं। यह हमारे ग्राहकों के लिए आकर्षक योजनायें शुरू करने का एक उपयुक्त समय है। हमारा दुपहिया वित्त पोषण व्यवसाय शीर्ष तीन प्रमुख उत्पादों में से एक है। हमें उम्मीद है कि ये ऑफर मांग में उल्लेखनीय वृद्धि लायेंगे और हमारी स्थिति को मजबूत करेंगे।”
एलटीएफ में शहरी सुरक्षित संपत्ति और तृतीय-पक्ष उत्पादों के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिनेश शाह ने विश्वास जताया कि ग्राहक दोपहिया वाहन खरीदने के इस असाधारण अवसर का लाभ उठायेंगे और अपने पसंदीदा ऋण प्रदाता के रूप में हमारे साथ अपनी आकांक्षाओं को पूरा करेंगे।
ये त्योहारी योजनायें 30 नवंबर 2025 तक ऋण लेने वाले ग्राहकों के लिए मान्य होंगी।
कंपनी ने अपना नवीनतम टीवी विज्ञापन ‘जस्ट जूम टू-व्हीलर लोन्स’ भी लॉन्च किया है, जिसकी टैगलाइन ‘बुमराह की स्पीड पर’ है। इसमें कंपनी के ब्रांड एंबेसडर जसप्रीत बुमराह भी शामिल हैं।

