नर्मदापुरम्। राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया के निरंतर प्रयासों के फलस्वरूप जबलपुर-रायपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस (ट्रेन क्रमांक 11701/11702) का नाम परिवर्तित कर अब ‘मूकमाटी एक्सप्रेस’ कर दिया गया है। यह नामकरण जैन धर्म के महान आचार्य, राष्ट्रसंत आचार्य विद्यासागर जी महाराज की स्मृति और उनकी विश्वविख्यात कृति ‘मूकमाटी’ को समर्पित है।
सांसद श्रीमती माया नारोलिया ने संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान शून्यकाल में रेल मंत्रालय के समक्ष यह मांग रखी थी कि उक्त ट्रेन का नाम आचार्य विद्यासागर महाराज अथवा उनकी प्रसिद्ध रचना ‘मूकमाटी’ के नाम पर किया जाए। सांसद की इस मांग को गंभीरता से लेते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के निर्देश पर रेल मंत्रालय ने यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया।
रेल मंत्रालय द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि आचार्य विद्यासागर महाराज ने आध्यात्मिक चेतना, सामाजिक परिवर्तन, नैतिक मूल्यों और भारतीय संस्कृति के संरक्षण में अतुलनीय योगदान दिया है। इन्हीं योगदानों के सम्मान स्वरूप ट्रेन का नाम ‘मूकमाटी एक्सप्रेस’ रखा गया है।
इस निर्णय से जैन समाज सहित देश भर के श्रद्धालुओं और सामाजिक-धार्मिक संगठनों में खुशी की लहर है। विभिन्न संस्थाओं ने सांसद माया नारोलिया के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं सांसद ने रेल मंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह नामकरण आचार्य विद्यासागर महाराज के विचारों और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान का सम्मान है।
