भारतीय महिला टीम ने डीएलएस पद्धति से ऑस्ट्रेलिया को 21 रनों से हराया

सिडनी, 15 फरवरी (वार्ता) अरुंधति रेड्डी (चार विकेट), रेणुका सिंह और श्री चरणी (दो-दो विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी की बदौलत भारतीय महिला टीम ने रविवार को टी-20 सीरीज के वर्षा प्रभावित पहले मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को डकवर्थ लुईस पद्धति (डीएलएस) से 21 रनों से हराया। अरुंधति रेड्डी को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ के पुरस्कार से नवाजा गया।134 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम के लिए स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिय 33 रन जोड़े। पांचवें ओवर में सोफी मोलिन्यू ने शेफाली वर्मा को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा।

शेफाली वर्मा ने दो छक्के और एक चौका लगाते हुए 22 रन बनाये। इसके बाद बल्लेबाजी करने आयी जेमिमा रॉड्रिग्स ने स्मृति मंधाना के साथ पारी को संभाला। इसी दौरान छठे ओवर में बारिश शुरु हो गई और उस समय भारत ने एक विकेट पर 50 रन बना लिये थे। स्मृति मंधाना (नाबाद 16) और जेमिमा रॉड्रिग्स (नाबाद नौ) क्रीज पर मौजूद थी। इसके बाद बारिश के कारण पुन: खेल नहीं शुरु हो पाया और भारतीय महिला टीम को डीएलएस पद्धति से 21 रनों विजयी घोषित किया गया।

इससे पहले आज यहां भारतीय महिला टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया को रेणुका सिंह और क्रांति गौड़ ने शुरुआती झटके दिये। बेथ मूनी (पांच) को रेणुका और जॉर्जिया वॉल (18) को क्रांति गौड ने अपना शिकार बनाया। इसके बाद फीबी लिचफील्ड और एलिस पेरी की जोड़ी ने पारी को संभालने का प्रयास किया और तीसरे विकेट के लिये 41 रन जोड़े। आठवें ओवर में अरुंधति रेड्डी ने एलिस पेरी को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। पेरी ने 11 गेंदों में चार चौके लगाते हुए 20 रन बनाये। अगले ओवर में दीप्ति शर्मा ने एश्ले गार्डनर (चार) को आउटकर पवेलियन भेज दिया। 10वें ओवर की पहली गेंद पर अरुंधति ने फीबी लिचफील्ड को आउट कर भारत को पांचवीं सफलता दिलाई।

फीबी लिचफील्ड ने 19 गेंदों में पांच चौके लगाते हुए 26 रन बनाये। 14वें ओवर में अरुंधति ने जॉर्जिया वेयरहम को आउटकर ऑस्ट्रेलिया को छठा झटका दिया। जॉर्जिया वेयरहम ने 19 गेंदों में चार चौके लगाते हुए 30 रनों की पारी खेली। इसके बाद भारतीय गेंदबाजी आक्रमण के आगे ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज अधिक देर तक नहीं टिक सके और उनकी पूरी टीम 18 ओवर में 133 रन पर सिमट गई।भारत के लिए अरुंधति रेड्डी ने 22 रन देकर चार विकेट लिये। रेणुका सिंह और श्री चारणी को दो-दो विकेट मिले। क्रांति गौड़ और दीप्ति शर्मा ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

Next Post

अद्भुत धाम है नवग्रह शक्तिपीठ : सीएम डॉ. यादव

Sun Feb 15 , 2026
भोपाल:मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को ग्वालियर जिले के डबरा में नवग्रह शक्तिपीठ के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में सहभागिता की। महाशिवरात्रि के अवसर पर नवग्रह शक्तिपीठ परिसर ओम नम: शिवाय से गूंज उठा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नवग्रह मंदिर में दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख समृद्धि की कामना की।मुख्यमंत्री […]

You May Like